Eye Swelling Causes In Hindi: क्या आपकी आंखों के नीचे बार-बार सूजन या पफीनेस दिख रही है? क्या आप इसे सिर्फ थकान या नींद की कमी समझकर नजरअंदाज कर रहे हैं? अगर हां, तो सतर्क हो जाइए। आंखों के नीचे होने वाली यह सूजन कई बार हमारे शरीर में हो रही गंभीर बीमारियों का इशारा होती है। कई लोग इसे सिर्फ ब्यूटी इशू मानते हैं, लेकिन असल में यह एलर्जी, थायरॉयड, किडनी संबंधी परेशानी या इम्यून सिस्टम की गड़बड़ी का संकेत हो सकती है। समय रहते इसका ध्यान न दिया जाए, तो मामला बिगड़ सकता है। आइए जानते हैं कि किन कारणों से आंखों के नीचे सूजन आती है और इसे दूर रखने के लिए क्या करें।
Eye Swelling Causes In Hindi
आंखों के नीचे सूजन के कारण - Eye Swelling Causes In Hindi
एलर्जी
अगर आपकी आंखों में खुजली, जलन या पानी आना लगातार हो रहा है, तो यह किसी एलर्जी का संकेत हो सकता है। धूल, धुआं, पालतू जानवरों का फर या यहां तक कि कुछ ब्यूटी प्रोडक्ट्स भी आंखों के नीचे सूजन का कारण बन सकते हैं।
थायरॉयड और ग्रेव्स डिजीज
थायरॉयड हार्मोन की असंतुलित मात्रा शरीर में कई बदलाव लाती है, जिसमें आंखों की सूजन भी शामिल है। खासतौर पर ग्रेव्स डिजीज जैसी ऑटोइम्यून स्थिति में आंखों के आसपास की मांसपेशियों में सूजन आ जाती है, जिससे आंखें उभरी हुई लगती हैं।
किडनी की सेहत भी दिखती है आंखों पर
अगर आंखों के नीचे लगातार फूले हुए बैग्स नजर आते हैं, तो यह शरीर में पानी जमने (fluid retention) का संकेत हो सकता है, जो अक्सर किडनी की गड़बड़ी की वजह से होता है। इसे बिल्कुल नजरअंदाज न करें और डॉक्टर से जांच करवाएं।
गलत लाइफस्टाइल
कम नींद लेना, तनाव में रहना, ज्यादा नमक या प्रोसेस्ड फूड का सेवन और देर रात तक स्क्रीन टाइम... ये सब आपकी आंखों के नीचे पफीनेस को बढ़ा सकते हैं। थोड़ा रूटीन बदलिए और फर्क खुद देखिए।
उम्र और अनुवांशिक असर
जैसे-जैसे उम्र बढ़ती है, त्वचा का कसाव कम होने लगता है। आंखों के नीचे की त्वचा पतली होती है, इसलिए सूजन जल्दी दिखती है। अगर परिवार में भी किसी को यह समस्या रही है, तो यह आपको भी प्रभावित कर सकती है।
क्या करें जब दिखे ये लक्षण?
- हर दिन 7-8 घंटे की नींद लें
- एलर्जी के कारणों से दूर रहें
- ठंडे टी बैग्स या खीरे का इस्तेमाल करें
- शराब और धूम्रपान से दूरी बनाएं
- पौष्टिक खाना खाएं जिसमें हरी सब्जियां, फल, विटामिन-सी आदि शामिल हों।
- अगर समस्या बनी रहे, तो डॉक्टर से सलाह लें
अगली बार जब आप आईने में खुद को देखें और आंखों के नीचे सूजन नजर आए, तो इसे हल्के में न लें। यह सिर्फ थकान नहीं, शरीर की चेतावनी भी हो सकती है।
डिस्क्लेमर: प्रस्तुत लेख में सुझाए गए टिप्स और सलाह केवल आम जानकारी के लिए हैं और इसे पेशेवर चिकित्सा सलाह के रूप में नहीं लिया जा सकता। किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी तरह का बदलाव करने से पहले अपने डॉक्टर से परामर्श जरूर लें।
