Overnight Weight Gain: सुबह उठकर अगर आपका वजन अचानक 1-2 किलो बढ़ा हुआ दिखे और चेहरा भी सूजा-सूजा लगे, तो घबराना स्वाभाविक है। ज्यादातर लोग सोचते हैं कि उनका मोटापा बढ़ गया है। लेकिन हर बार ऐसा नहीं होता। हेल्थ इन्फ्लुएंसर, फिटनेस कोच और न्यूट्रिशनिस्ट अक्षय एस शेट्टी के मुताबिक, एक ही रात में इतना फैट बढ़ना लगभग नामुमकिन है। कई बार इसके पीछे वजह शरीर में कुछ समय के लिए पानी रुक जाना होती है। आइए आसान भाषा में समझते हैं कि ऐसा क्यों होता है और कब चिंता करने की जरूरत होती है।
अचानक वजन बढ़ा और चेहरा गया सूज, क्या है वजह
रातभर में फैट नहीं पानी बढ़ सकता है
अगर रात में आपने बिरयानी, चावल, रोटी या दूसरी कार्ब्स वाली चीजें ज्यादा खाई हैं, तो सुबह वजन बढ़ा हुआ दिख सकता है। इसका मतलब यह नहीं कि शरीर में अचानक मोटापा आ गया है। दरअसल, शरीर इन चीजों से मिली ऊर्जा को कुछ समय के लिए जमा करके रखता है। इस दौरान उसके साथ पानी भी रुक जाता है। यही वजह है कि वजन मशीन पर 1-2 किलो ज्यादा दिख सकता है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: बरसात में बच्चों का रेनकोट और स्कूल बैग भी बन सकते हैं बैक्टीरिया का घर, ऐसे बना सकते हैं बीमार
नमकीन खाना भी चेहरे की सूजन बढ़ा सकता है
अगर रात के खाने में चिप्स, अचार, फास्ट फूड या होटल का ज्यादा नमकीन खाना खाया है, तो अगली सुबह चेहरा थोड़ा फूला हुआ लग सकता है। ऐसा इसलिए होता है क्योंकि ज्यादा नमक खाने पर शरीर कुछ समय के लिए पानी रोककर रखता है। इसी वजह से चेहरे, हाथों या पैरों में हल्की सूजन भी दिखाई दे सकती है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: क्या मलेरिया सिर्फ गांवों की बीमारी है, शहरों में भी कैसे तेजी से बढ़ रहा खतरा, डॉक्टर से जानिए
वजन बढ़ा दिखे तो घबराएं नहीं
अक्षय एस शेट्टी कहते हैं कि अगर आप नियमित रूप से संतुलित खाना खा रहे हैं और वजन कम करने की कोशिश कर रहे हैं, तो एक दिन का बढ़ा हुआ वजन देखकर परेशान न हों। कई बार यह सिर्फ शरीर में रुका हुआ पानी होता है, जो सामान्य खानपान और रोजमर्रा की दिनचर्या के बाद अपने आप कम हो जाता है।
कब ध्यान देने की जरूरत है
अगर सूजन कई दिनों तक बनी रहे, सांस लेने में दिक्कत हो, पैरों में बहुत ज्यादा सूजन आए या वजन लगातार बढ़ता जाए, तो इसे हल्के में न लें। ऐसी स्थिति में डॉक्टर से सलाह लेना जरूरी है। लेकिन अगर कभी ज्यादा खाना खाने के अगले दिन वजन थोड़ा बढ़ जाए, तो तुरंत घबराने की जरूरत नहीं है। याद रखें, एक दिन ज्यादा खाने से कोई मोटा नहीं हो जाता। इसलिए वजन मशीन और आईने को देखकर घबराने के बजाय अपनी अच्छी आदतों को बनाए रखें।
