Post Workout Protein: फिटनेस को लेकर लोगों में जागरूकता तेजी से बढ़ रही है यही वजह है कि अब आपको जिम में हर उम्र के लोग मिल जाएंगे। मसल्स बनाने, वजन कम करने या अपनी बॉडी को फिट रखने के लिए लोग वर्कआउट करना पसंद करते हैं। लेकिन, आपको ये जानना बेहद जरूरी है कि सिर्फ वर्कआउट करना ही काफी नहीं है बल्कि शरीर को सही पोषण देना भी बेहद जरूरी है। मसल्स की ग्रोथ और रिकवरी में सबसे अहम भूमिका प्रोटीन की होती है लेकिन, कम लोग ही प्रोटीन लेने का सही समय और तरीका जानते हैं। वर्कआउट खत्म होने के कितनी देर बाद प्रोटीन लेना चाहिए? क्या जिम के तुरंत बाद प्रोटीन ले सकते हैं? शरीर को कितनी मात्रा में प्रोटीन की जरूरत होती है? इन सवालों का जवाब यहां डिटेल में दिया गया है।
वर्कआउट के बाद प्रोटीन लेने का सही तरीका क्या
जिम के बाद कितनी देर में लेना चाहिए प्रोटीन
कई जिम जाने वाले लोग मानते हैं कि वर्कआउट खत्म होते ही कुछ मिनटों के अंदर प्रोटीन लेना जरूरी है। हालांकि, अब कई रिसर्च में यह सामने आया है कि प्रोटीन लेने के लिए कुछ मिनटों की सख्त सीमा नहीं होती। जिम के 30 मिनट से लेकर 2 घंटे के अंदर प्रोटीन लेना फायदेमंद माना जाता है। इस दौरान शरीर को अमीनो एसिड की जरूरत होती है, जो मसल्स की मरम्मत और विकास में मदद करता है। अगर आपने जिम जाने से पहले प्रोटीन से भरपूर खाना खाया है, तो तुरंत प्रोटीन लेने की जरूरत नहीं होती। लेकिन अगर आपने लंबे समय से कुछ नहीं खाया है, तो वर्कआउट के बाद जल्दी प्रोटीन लेना बेहतर विकल्प हो सकता है।
जिम करने वालों को कितना प्रोटीन लेना चाहिए?
प्रोटीन की मात्रा हर व्यक्ति के वजन, उम्र, फिटनेस गोल और एक्टिविटी लेवल के आधार पर अलग-अलग होती है। सामान्य तौर पर फिटनेस करने वाले लोगों के लिए शरीर के वजन के हिसाब से प्रोटीन लेना बेहतर माना जाता है। सामान्य फिटनेस के लिए आप प्रति किलो वजन पर लगभग 0.8 से 1 ग्राम प्रोटीन ले सकते हैं। मसल्स बनाने और स्ट्रेंथ ट्रेनिंग के लिए आपको प्रति किलो वजन पर 1.6 से 2.2 ग्राम तक प्रोटीन लेना चाहिए। अगर आपका वजन 70 किलो है और आप मसल्स बढ़ाना चाहते हैं, तो रोजाना लगभग 110 से 150 ग्राम तक प्रोटीन की जरूरत पड़ सकती है। हालांकि, जरूरत से ज्यादा प्रोटीन लेने से अतिरिक्त फायदा नहीं मिलता।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: मीठा खाने के बाद फिर मीठा खाने का मन क्यों करता है? डॉक्टर से जानिए इसके पीछे छिपी बड़ी वजहें
वे प्रोटीन लेना जरूरी है या खाने से भी पूरी हो सकती है जरूरत?
अगर आपको लगता है कि मसल्स बनाने के लिए वे प्रोटीन लेना जरूरी है तो जान लें कि ये सच नहीं है। शरीर की प्रोटीन जरूरत को प्राकृतिक खाद्य पदार्थों से भी पूरा किया जा सकता है। अंडा, चिकन और मछली, दूध और पनीर, दालें, सोया, चना, मूंगफली और ड्राई फ्रूट्स को आप डाइट में शामिल कर सकते हैं। अगर आपको डाइट से पर्याप्त प्रोटीन नहीं मिल पा रहा है, तो वे प्रोटीन एक आसान विकल्प हो सकता है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: घर से काम करने पर वजन क्यों बढ़ने लगता है, ये छिपी वजहें भी वर्क फ्रॉम होम के दौरान बना देती हैं आपका मोटा
प्रोटीन लेने में होने वाली आम गलतियों से बचें
प्रोटीन का फायदा तभी मिलता है जब आपकी पूरी डाइट और वर्कआउट प्लान संतुलित हो। कुछ आम गलतियां हैं जो अक्सर जिम जाने वाले लोग करते हैं- बिना जरूरत ज्यादा प्रोटीन लेने से बचें, सिर्फ प्रोटीन शेकर पर निर्भर रहना, एक्सरसाइज के बाद खाना न खाना, पर्याप्त नींद न लेना और वर्कआउट में नियमितता न रखना। मसल्स बनाने के लिए प्रोटीन के साथ-साथ सही ट्रेनिंग, अच्छी नींद और संतुलित डाइट भी जरूरी होती है।
