Weight Lifting And Hernia: आजकल फिट रहने के लिए जिम जाना लोगों की दिनचर्या का हिस्सा बन गया है। लेकिन कई बार जल्दी रिजल्ट पाने के चक्कर में लोग अपनी ताकत से ज्यादा वजन उठाने लगते हैं। कुछ लोग सही तरीका सीखे बिना ही भारी वेट उठाना शुरू कर देते हैं। यही गलती आगे चलकर हर्निया जैसी परेशानी की वजह बन सकती है। हेल्थ एक्सपर्ट्स के मुताबिक, सिर्फ भारी वजन उठाना ही नहीं, बल्कि उसे गलत तरीके से उठाना भी हर्निया का खतरा बढ़ा सकता है।
वेट लिफ्टिंग से बढ़ सकता है हर्निया का रिस्क
हर्निया क्या होता है
बता दें कि हर्निया तब होता है, जब पेट के अंदर का कोई हिस्सा मांसपेशियों की कमजोर जगह से बाहर की तरफ उभरने लगता है। यह अक्सर पेट या जांघ के ऊपर वाले हिस्से में छोटी सी गांठ या सूजन के रूप में दिखाई देता है। शुरुआत में यह दर्द न भी करे, लेकिन समय के साथ परेशानी बढ़ सकती है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: डाइट की कमी नहीं, पेट का एसिड कम होने से भी बन सकते हैं एनीमिया के मरीज, एक्सपर्ट ने बताई वजह
जिम में कैसे बढ़ता है खतरा
जब कोई व्यक्ति बिना सही तकनीक के बहुत भारी वजन उठाता है, तो पेट के अंदर दबाव बढ़ जाता है। अगर पेट की मांसपेशियां पहले से कमजोर हों, तो हर्निया होने की संभावना बढ़ जाती है। इसलिए वजन बढ़ाने की जल्दबाजी करने के बजाय सही फॉर्म और सही तरीके से एक्सरसाइज करना ज्यादा जरूरी है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: दिल और दिमाग ही नहीं, लंबी उम्र के लिए मजबूत जांघें भी हैं जरूरी, 90% लोग हैं अनजान
इन संकेतों को बिल्कुल नजरअंदाज न करें
अगर वजन उठाने के बाद पेट या जांघ के पास उभार दिखे, उस जगह दर्द या खिंचाव महसूस हो, खांसने या जोर लगाने पर सूजन बढ़ जाए या अचानक तेज दर्द के साथ उल्टी जैसी परेशानी होने लगे, तो इसे हल्के में न लें। ऐसे लक्षण दिखने पर तुरंत डॉक्टर से जांच करानी चाहिए।
बचाव का सबसे आसान तरीका
एक्सपर्ट कहते हैं कि हमेशा अपनी क्षमता के हिसाब से वजन उठाएं। एक्सरसाइज शुरू करने से पहले वार्म-अप करें और किसी ट्रेनर से सही तरीका जरूर सीखें। अगर पहले से हर्निया है या पेट में लगातार दर्द रहता है, तो भारी वजन उठाने से बचें। याद रखें, मजबूत शरीर बनाने की जल्दी में की गई एक छोटी सी गलती लंबे समय की परेशानी बन सकती है। इसलिए जिम में मेहनत जरूर करें, लेकिन समझदारी के साथ।
डिस्क्लेमर: प्रस्तुत लेख में सुझाए गए टिप्स और सलाह केवल आम जानकारी के लिए हैं और इसे पेशेवर चिकित्सा सलाह के रूप में नहीं लिया जा सकता। किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी तरह का बदलाव करने से पहले अपने डॉक्टर से परामर्श जरूर लें।
