Heatwave And Liver Damage Risk: गर्मी बढ़ते ही हम पानी की बोतल साथ रखने लगते हैं, धूप से बचने की कोशिश करते हैं और लू से बचाव के उपाय अपनाते हैं। लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि यही तेज गर्मी आपके लिवर को भी नुकसान पहुंचा सकती है? ज्यादातर लोगों को लगता है कि गर्मी का असर सिर्फ शरीर में पानी की कमी या हीट स्ट्रोक तक ही सीमित रहता है, जबकि ऐसा नहीं है।
गर्मी में लिवर स्वास्थ्य पर क्या असर पड़ता है, डॉक्टर ने बताया
अगर आपको फैटी लिवर, डायबिटीज, मोटापा या शराब पीने की आदत है, तो गर्मियों में आपको और ज्यादा सावधान रहने की जरूरत है। अमृता हॉस्पिटल, फरीदाबाद के प्रिंसिपल कंसल्टेंट (सॉलिड ऑर्गन ट्रांसप्लांटेशन एवं HPB सर्जरी) डॉ. शलीन अग्रवाल बताते हैं कि कुछ छोटी-छोटी सावधानियां अपनाकर गर्मियों में भी लिवर को स्वस्थ रखा जा सकता है।
गर्मी का असर लिवर तक कैसे पहुंचता है
लिवर हमारे शरीर का एक ऐसा अंग है, जो बिना रुके हर दिन कई जरूरी काम करता है। यह खाने को पचाने में मदद करता है, शरीर से गंदगी बाहर निकालने में भूमिका निभाता है और शरीर का संतुलन बनाए रखता है।
डॉ. शलीन अग्रवाल बताते हैं कि जब बाहर का तापमान बहुत ज्यादा होता है, तो शरीर खुद को ठंडा रखने के लिए ज्यादा खून त्वचा की तरफ भेजने लगता है। ऐसे में लिवर तक पहुंचने वाला खून कुछ कम हो सकता है। अगर इसी समय शरीर में पानी की कमी भी हो जाए, तो लिवर पर अतिरिक्त दबाव पड़ने लगता है। यही वजह है कि भीषण गर्मी लिवर को भी प्रभावित कर सकती है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: दिल और दिमाग ही नहीं, लंबी उम्र के लिए मजबूत जांघें भी हैं जरूरी, 90% लोग हैं अनजान
गर्मी का लिवर पर असर
पानी की कमी लिवर को भी कर सकती है कमजोर
अक्सर लोग तब पानी पीते हैं, जब उन्हें तेज प्यास लगती है। लेकिन तब तक शरीर में पानी की कमी शुरू हो चुकी होती है। डॉ. अग्रवाल के अनुसार, जब शरीर में पानी और जरूरी मिनरल्स कम हो जाते हैं, तो लिवर को अपना काम करने में ज्यादा मेहनत करनी पड़ती है। लंबे समय तक ऐसी स्थिति रहने पर लिवर पर बुरा असर पड़ सकता है। इसलिए गर्मियों में थोड़ी-थोड़ी देर पर पानी पीते रहना जरूरी है, चाहे प्यास लगे या नहीं।
इन लोगों को गर्मियों में ज्यादा सतर्क रहने की जरूरत
हर व्यक्ति के लिए खतरा एक जैसा नहीं होता। जिन लोगों को पहले से फैटी लिवर, हेपेटाइटिस, सिरोसिस, डायबिटीज या मोटापे की समस्या है, उन्हें गर्मी में ज्यादा सावधानी रखनी चाहिए।
डॉक्टर बताते हैं कि गर्मियों में शराब पीना भी नुकसानदायक हो सकता है। इससे शरीर में पानी की कमी और बढ़ जाती है और लिवर पर अतिरिक्त बोझ पड़ता है। कुछ दर्द की दवाएं भी अगर बिना पर्याप्त पानी पिए ली जाएं, तो उनका असर लिवर पर पड़ सकता है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: महंगे स्किनकेयर से भी नहीं मिल रहा निखार, डाइट में शामिल करें ये 7 बीज, त्वचा दिखेगी ग्लोइंग
किन संकेतों को न करें अनदेखा
ये संकेत दिखें तो देर न करें
अगर तेज गर्मी के दौरान लगातार उल्टी हो रही हो, आंखें पीली दिखने लगें, बहुत ज्यादा कमजोरी महसूस हो, बार-बार चक्कर या भ्रम हो रहा हो या पेशाब का रंग बहुत गहरा हो जाए, तो इसे सामान्य बात मानकर नजरअंदाज नहीं करना चाहिए।
डॉ. शलीन अग्रवाल कहते हैं कि ऐसे लक्षण शरीर के अंदर गंभीर परेशानी का संकेत हो सकते हैं। इसलिए बिना देर किए डॉक्टर से जांच करानी चाहिए।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: डाइट की कमी नहीं, पेट का एसिड कम होने से भी बन सकते हैं एनीमिया के मरीज, एक्सपर्ट ने बताई वजह
गर्मियों में लिवर को स्वस्थ रखने के आसान उपाय
डॉ. कहते हैं कि लिवर को सुरक्षित रखने के लिए किसी महंगे इलाज की जरूरत नहीं होती। इसके लिए आपको बस कुछ छोटी-छोटी बातों का ध्यान रखने की जरूरत होती है जैसे,
- सबसे जरूरी है कि दिनभर पर्याप्त पानी पिएं
- अगर ज्यादा पसीना निकल रहा है, तो पानी के साथ इलेक्ट्रोलाइट्स की कमी भी पूरी करें
- दोपहर की तेज धूप में बेवजह बाहर निकलने से बचें
- घर का ताजा और संतुलित खाना खाएं और शराब से दूरी बनाकर रखें।
डॉक्टर क्या दे रहे सलाह
डॉक्टर बताते हैं कि लिवर शरीर का ऐसा साथी है, जो बिना शिकायत किए हर दिन हमारे लिए काम करता है। इसलिए गर्मियों में उसकी सेहत का ध्यान रखना भी उतना ही जरूरी है, जितना खुद को धूप और लू से बचाना। डॉ. शलीन अग्रवाल के मुताबिक, समय पर पानी पीना, तेज धूप से बचना और स्वस्थ जीवनशैली अपनाना ऐसे आसान कदम हैं, जो आपके लिवर को भीषण गर्मी के नुकसान से काफी हद तक बचा सकते हैं।
