तमाम आंकड़े बताते हैं कि लगभग 70% भारतीय अपनी जरूरत के हिसाब से पर्याप्त मात्रा में फाइबर का सेवन नहीं करते हैं। एक सामान्य वयस्क को रोजाना 25 से 30 ग्राम फाइबर की आवश्यकता होती है। हालांकि बड़ी आबादी अपने शरीर की इस आवश्यकता को पूरा नहीं कर रहे हैं। बहुत से लोगों को शायद ये पता ही नहीं होता है कि फाइबर केवल प्लांट-बेस्ड डाइट से ही मिलता है।
Food Pharmer ने बताए 10 फाइबर रिच फूड्स (Photo: Food Pharmer/YouTube)
कंटेंट क्रिएटर रेवंत हिम्मतसिंगका उर्फ 'फूड फार्मर' (Food Pharmer) ने फाइबर की मात्रा, आसानी से उपलब्धता और किफायती होने के आधार पर 10 बेहतरीन फूड्स को रैंक किया है।
10. भिंडी
9. दाल (मूंग, मसूर)
8. राजमा
7. एवोकाडो
6. एडमामे (सोयाबीन)
5. छोले
4. काला चना
3. अमरूद
2. अलसी
1. चिया सीड्स
Food Pharmer चेतावनी देते हैं कि पैकेज्ड फूड के छलावे से बचें। आटा मैगी या रेडी-टू-ईट सीरियल्स जैसे पैकेज्ड प्रोडक्ट्स में '3 रोटी जितने फाइबर' जैसे दावों के झांसे में न आएं। इनमें प्रोसेसिंग और एडिटिव्स होते हैं, इसलिए फाइबर के लिए हमेशा प्राकृतिक और साबुत आहार को ही प्राथमिकता दें। फूड फार्मर के मुताबिक आहार से फाइबर पूरा न हो पा रहा हो, तो ईसबगोल एक बेहतरीन प्राकृतिक विकल्प है।
मानव शरीर और फाइबर
डाइट में पर्याप्त मात्रा में फाइबर शामिल करना हमारे पाचन तंत्र और समग्र स्वास्थ्य के लिए बेहद जरूरी है। फाइबर मुख्य रूप से दो प्रकार का होता है- घुलनशील और अघुलनशील। अघुलनशील फाइबर मल को नरम और भारी बनाकर आंतों की आसानी से सफाई करता है, जिससे कब्ज की समस्या दूर रहती है। वहीं, घुलनशील फाइबर आंतों में मौजूद अच्छे बैक्टीरिया को पोषण देता है, पाचन क्रिया को मजबूत बनाता है और कोलन कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों का खतरा काफी हद तक कम करता है।
पाचन सुधारने के अलावा, फाइबर वेट कंट्रोल, दिल की सेहत और ब्लड शुगर को संतुलित रखने में भी अहम भूमिका निभाता है। फाइबर युक्त भोजन धीरे-धीरे पचता है, जिससे पेट लंबे समय तक भरा महसूस होता है और बार-बार भूख नहीं लगती। यह शरीर में बैड कोलेस्ट्रॉल को घटाकर दिल की बीमारियों से बचाता है। साथ ही, यह कार्बोहाइड्रेट के अवशोषण को धीमा करके ब्लड शुगर को अचानक बढ़ने नहीं देता।
फाइबर बढ़ाने के लिए जरूरी सावधानियां
धीरे-धीरे शुरुआत करें: अचानक से फाइबर का सेवन न बढ़ाएं, बल्कि इसे धीरे-धीरे डाइट में शामिल करें ताकि पाचन तंत्र इसके अनुकूल ढल सके।
पानी की मात्रा बढ़ाएं: फाइबर बढ़ाने के साथ पर्याप्त मात्रा में पानी पीना बहुत जरूरी है, वरना कब्ज या पाचन संबंधी समस्या हो सकती है।
रोजाना की डाइट में अमरूद, चिया सीड्स, चना और हरी सब्जियों को शामिल करके आप बिना किसी सप्लीमेंट के आसानी से अपना डेली फाइबर गोल पूरा कर सकते हैं।
