Cinnamon Water Benefits To Lower Uric Acid: दालचीनी हमारे किचन का एक अहम हिस्सा है। यह हम सभी के किचन में मौजूद होता है और सभी किसी न किसी रूप में इसका प्रयोग जरूर करते हैं। दालचीनी को लोग अपने रूटीन में कई तरह से शामिल करते हैं। कोई इसे भोजन में मसाले के तौर पर प्रयोग करता है, तो कोई इसकी चाय बनाकर पीता है। इसके अलावा, कई पकवानों में भी दालचीनी का खूब प्रयोग किया जाता है। इसकी तेज और बेहतरीन सुगंध न सिर्फ हमारे भोजन को एक अद्भुत खुशबू देती है, बल्कि उसका स्वाद भी कई गुणा बढ़ा देती है। इसके अलावा, इसके भोजन में शामिल करने से सेहत को भी कई फायदे मिलते हैं। आपको बता दें कि जिन लोगों को रक्त में हाई यूरिक एसिड की समस्या है, उनके जोड़ों में जकड़न, सूजन और दर्द रहता है, उनके लिए दालचीनी बहुत फायदेमंद साबित हो सकती है। इसमें मौजूद औषधीय गुण यूरिक एसिड को कम करने और गठिया जैसी गंभीर स्थिति के लक्षणों में सुधार करने में मदद कर सकते हैं। हाई यूरिक एसिड रोगी नियमित दालचीनी का पानी बनाकर पी सकते हैं। इस पानी को पीने से उनकी सेहत में काफी सुधार हो सकता है। इस लेख में हम आपको हाई यूरिक एसिड कम करने के लिए दालचीनी का पानी पीने के फायदे और सेवन का तरीका बता रहे हैं।
Cinnamon Water Benefits To Lower Uric Acid
बढ़े हुए यूरिक एसिड को कम करने के लिए दालचीनी का पानी पीने के फायदे- Cinnamon Water Benefits To Lower Uric Acid in Hindi
क्लीनिकल न्यूट्रिशनिस्ट और डायटीशियन गरिमा गोयल की मानें तो दालचीनी में कई जरूरी विटामिन और मिनरल्स होते हैं। साथ ही, यह एंटी-ऑक्सीडेंट्स और एंटी-इन्फ्लेमेटरी गुणों से भी भरपूर होती है। इसमें एंटी-माइक्रोबियल गुण भी पाए जाते हैं। इस पानी को पीने से किडनी फंक्शन में सुधार होता है। यह एक प्राकृतिक डिटॉक्स ड्रिंक है। यह पेशाब के माध्यम से शरीर से हानिकारक कण, टॉक्सिन, फ्री-रेडिकल्स आदि को बाहर निकालने में मदद करता है। इसके अलावा, दालचीनी का पानी पीने से प्यूरीन नामक पदार्थ को शरीर से बाहर निकालने में भी मदद मिलती है, जिसकी अधिकता से हाई यूरिक एसिड की समस्या होती है। प्यूरीन की अधिक मात्रा से रक्त में यूरिक एसिड बढ़ता है, जिससे नसों व जोड़ों में सूजन और जकड़न हो जाती है। इसकी वजह से जोड़ों में गंभीर दर्द की समस्या होती है। दालचीनी का पानी पीने से सूजन कम होती है और जोड़ों के दर्द से राहत मिल सकती है।
यूरिक एसिड को कम करने के लिए दालचीनी का पानी कैसे पिएं- How To Drink Cinnamon Water To Lower Uric Acid in Hindi
इसके लिए आपको गैस पर एक टीन पैन रखना है। अब इसमें एक कप पानी और एक छोटा चम्मच दालचीनी पाउडर डालकर उबालें। आप चाहें, दालचीनी की 1-2 छड़ी भी पानी में डालकर उबाल सकते हैं। उबाला आने के बाद गैस बंद कर दें और पानी को छानकर एक कप में निकाल लें। अब इसमें आधा नींबू का रस निचोड़ें और एक चम्मच शहद मिलाकर इसका आनंद लें। सुबह खाली पेट इसका सेवन करने से सेहत को जबरदस्त फायदे मिलेंगे।
डिस्क्लेमर: प्रस्तुत लेख में सुझाए गए टिप्स और सलाह केवल आम जानकारी के लिए हैं और इसे पेशेवर चिकित्सा सलाह के रूप में नहीं लिया जा सकता। किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी तरह का बदलाव करने से पहले अपने डॉक्टर से परामर्श जरूर लें।
