उम्र बढ़ने के साथ शरीर में बदलाव आना सामान्य बात है। 60-70 की उम्र के बाद कई लोगों के लिए चलना-फिरना और रोज के काम करना मुश्किल होने लगता है। वहीं अभिनेत्री समीरा रेड्डी के 93 साल के पिता चिंता पोली रेड्डी आज भी काफी एक्टिव और फिट हैं। उनकी फिटनेस देखकर सबसे ज्यादा हैरानी इस बात की होती है कि इतनी उम्र में भी वह अपनी जिंदगी को खुलकर जी रहे हैं। जब उनसे उनकी फिटनेस का राज पूछा गया, तो उनका जवाब बहुत दिलचस्प था - मेरा दिमाग। उनके मुताबिक, स्वस्थ और एक्टिव रहने में सोच और नजरिए की बड़ी भूमिका है।
93 की उम्र में भी अपनी फिटनेस से लोगों को हैरान कर रहे एक्ट्रेस समीरा रेड्डी के पिता (Photo: Sameera reddy Instagram)
समीरा रेड्डी के पिता का जवाब हमें यह भी बताता है कि हम उम्र को किस तरह देखते हैं, इसका असर हमारी जिंदगी पर पड़ सकता है। अगर हम यह मान लें कि उम्र बढ़ने के बाद कुछ नहीं किया जा सकता, तो हम खुद को सीमित कर लेते हैं। वहीं, अगर सोच सकारात्मक रहे और व्यक्ति अपनी क्षमता के अनुसार एक्टिव रहने की कोशिश करे, तो जिंदगी ज्यादा बेहतर तरीके से जी जा सकती है।
सिर्फ शरीर नहीं, दिमाग को भी रखें एक्टिव
उम्र बढ़ने के साथ शरीर की ताकत कम होना स्वाभाविक है। इसका मतलब यह नहीं कि हम हर काम छोड़कर आराम करने लगे। अपनी क्षमता के हिसाब से रोज थोड़ा चलना-फिरना और एक्टिव रहना जरूरी है। हल्की एक्सरसाइज, टहलना, घर के छोटे-मोटे काम करना और लोगों से मिलना-जुलना शरीर और दिमाग दोनों के लिए अच्छा होता है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: जानिए आखिर क्यों चर्चा में है एक्ट्रेस कृति सेनन की डाइट
खाने का भी रखें ध्यान
बढ़ती उम्र में शरीर को अच्छे पोषण की जरूरत होती है। खाने में पर्याप्त प्रोटीन, फाइबर, विटामिन और दूसरे जरूरी पोषक तत्व होने चाहिए। दाल, अंडा, दूध-दही, हरी सब्जियां, फल और साबुत अनाज जैसे खाद्य पदार्थ डाइट का हिस्सा बनाए जा सकते हैं।
समीरा ने अपने पिता की डाइट के बारे में भी बात की है। उनके पिता इस उम्र में भी बड़े चाव से देसी अंडे और चिकन जैसी चीजें भी खाते हैं। यहां आपको ध्यान रखना होगा कि हर व्यक्ति की जरूरत अलग होती है। खासकर बुजुर्गों को अपनी सेहत और किसी बीमारी के हिसाब से डाइट तय करनी चाहिए। जरूरत पड़ने पर डॉक्टर या डाइटीशियन की सलाह लेना सबसे सही तरीका है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: डॉक्टर ने बताया इन 10 चीजों में होता है सबसे ज्यादा नेचुरल फाइबर
समीरा के पिता की फिटनेस से क्या सीख मिलती है?
समीरा रेड्डी के पिता की फिटनेस से सबसे बड़ी सीख यह है कि उम्र बढ़ने का मतलब यह नहीं है कि जिंदगी रुक जाए। अपनी क्षमता के हिसाब से एक्टिव रहना, अच्छा खाना, पर्याप्त नींद लेना, लोगों के साथ जुड़े रहना और दिमाग को व्यस्त रखना स्वस्थ उम्र बढ़ाने में मदद कर सकता है। सेहत सिर्फ शरीर की ताकत का नाम नहीं है। जीवन के प्रति हमारा नजरिया भी उतना ही मायने रखता है।
