Combination Of Water Coffee And Tea Linked To Longevity: अगर आपको दिनभर एक्टिव और एनर्जेटिक रहना पसंद है, तो आपके लिए ये खबर बेहद खास है। हाल ही में ब्रिटिश जर्नल ऑफ न्यूट्रिशन में प्रकाशित एक नई रिसर्च ने बताया है कि रोजाना 7 से 8 कप कॉफी, चाय और पानी का सही कॉम्बिनेशन न सिर्फ शरीर को हाइड्रेट रखता है, बल्कि लंबी उम्र का राज भी हो सकता है। खास बात यह है कि इस कॉम्बो में अगर चाय की मात्रा कॉफी से थोड़ी ज्यादा हो, तो यह दिल, दिमाग और समग्र सेहत के लिए और भी फायदेमंद है।
Combination Of Water Coffee And Tea Linked To Longevity
स्टडी में क्या निकला नतीजा
ब्रिटिश जर्नल ऑफ न्यूट्रिशन में प्रकाशित इस स्टडी में करीब 1.8 लाख ब्रिटिश लोगों के 13 साल के हेल्थ डेटा का विश्लेषण किया गया। इसमें पाया गया कि जो लोग रोज 7-8 कप तक कॉफी, चाय और पानी पीते हैं, उनमें समय से पहले मौत का खतरा सबसे कम होता है। वहीं, जो लोग दिनभर में 4 कप से कम ड्रिंक्स लेते हैं, उनमें दिल और पाचन संबंधी बीमारियों का रिस्क बढ़ जाता है।
कॉफी और चाय का सही कॉम्बो कितना असरदार
रिसर्च के मुताबिक, जो लोग अपनी डेली ड्रिंक रूटीन में कॉफी और चाय का लगभग 2:3 अनुपात का कॉम्बिनेशन रखते हैं, यानी दो हिस्से कॉफी और तीन हिस्से चाय उनकी हेल्थ सबसे बेहतर पाई गई। यह संतुलन शरीर को एनर्जी देता है, माइंड को अलर्ट रखता है और उम्र बढ़ाने वाले फैक्टर्स को सपोर्ट करता है। हालांकि, नौ कप से ज्यादा ड्रिंक लेना नुकसानदेह साबित हो सकता है क्योंकि इससे हार्ट प्रॉब्लम्स का खतरा बढ़ सकता है।
क्यों जरूरी है सही हाइड्रेशन
बता दें सिर्फ पानी ही नहीं, बल्कि कॉफी और चाय जैसे पेय पदार्थ भी आपके डेली फ्लूइड इनटेक का हिस्सा हैं। पर्याप्त हाइड्रेशन से शरीर में ब्लड सर्कुलेशन बेहतर होता है, डिटॉक्स प्रोसेस तेज होता है और स्किन ग्लो भी बढ़ता है। रिसर्च के मुताबिक, हाइड्रेशन इम्यून सिस्टम को भी मजबूत बनाता है और माइग्रेन जैसी समस्याओं को कम करता है।
कॉफी-चाय के हेल्दी फायदे
कॉफी और चाय दोनों ही एंटीऑक्सिडेंट्स से भरपूर होते हैं। कॉफी में मौजूद कैफीन ध्यान और फोकस बढ़ाता है, जबकि चाय में पाए जाने वाले कैटेचिन्स जैसे EGCG शरीर में सूजन कम करते हैं और कैंसर से बचाव में मदद करते हैं। इन दोनों का सही मात्रा में सेवन पार्किंसन, अल्जाइमर, डायबिटीज़ टाइप 2 और दिल की बीमारियों के रिस्क को कम कर सकता है।
कब और कैसे लें ये ड्रिंक्स
अगर आप कॉफी या चाय के शौकीन हैं, तो ध्यान रखें कि इन्हें सीमित मात्रा में ही लें। सुबह एक कप ब्लैक कॉफी और दिन में 2-3 बार ग्रीन टी या ब्लैक टी लेना बेहतर रहता है। इसमें चीनी और क्रीम मिलाने से बचें, क्योंकि इससे इनके फायदे कम हो सकते हैं। साथ ही, दिनभर पर्याप्त मात्रा में सादा पानी पीना न भूलें ताकि शरीर पूरी तरह हाइड्रेटेड रहे।
रिसर्च की एक अहम चेतावनी
स्टडी ने यह भी बताया कि यह सिर्फ ऑब्जर्वेशनल रिसर्च थी, यानी इसमें एक पैटर्न देखा गया, लेकिन यह साबित नहीं किया जा सकता कि सिर्फ कॉफी या चाय पीने से ही लोग लंबा जीते हैं। इसके अलावा, ड्रिंक्स में चीनी या दूध की मात्रा को लेकर कोई स्पष्ट डेटा नहीं था, जो परिणामों को प्रभावित कर सकता है। इसलिए, यह कॉम्बो तभी फायदेमंद है जब इसे हेल्दी तरीके से अपनाया जाए।
डिस्क्लेमर: प्रस्तुत लेख में सुझाए गए टिप्स और सलाह केवल आम जानकारी के लिए हैं और इसे पेशेवर चिकित्सा सलाह के रूप में नहीं लिया जा सकता। किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी तरह का बदलाव करने से पहले अपने डॉक्टर से परामर्श जरूर लें।
