1 In 9 Indians Suffers From Some Form Of Infection: ICMR की नई रिपोर्ट ने भारत के लोगों की सेहत को लेकर बड़ा सच सामने रखा है। इस अध्ययन में बताया गया है कि देश में हर 9 में से 1 व्यक्ति किसी न किसी इंफेक्शन का शिकार है। यानी हमारे आसपास का हर नौवां व्यक्ति संक्रमण से जूझ रहा है, चाहे वो मामूली हो या गंभीर। रिपोर्ट ने साफ कर दिया है कि संक्रमण अब सिर्फ मौसम या सफाई की कमी से जुड़ा मसला नहीं, बल्कि बढ़ती हेल्थ इमरजेंसी बनता जा रहा है।
हर 9 में से 1 भारतीय है किसी इंफेक्शन का शिकार
ICMR की रिपोर्ट में चौकाने वाले आंकड़े
भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (ICMR) की इस रिपोर्ट में देशभर के लाखों लोगों के सैंपल पर रिसर्च की गई। नतीजा हैरान करने वाला था भारत में करीब 11 फीसदी लोग किसी न किसी तरह के संक्रमण से ग्रसित हैं। ये आंकड़ा दिखाता है कि देश में इंफेक्शन दर काफी बढ़ चुकी है और स्वास्थ्य सेवाओं पर दबाव बढ़ रहा है।
कौन-कौन से इंफेक्शन हैं सबसे ज्यादा आम
रिपोर्ट में बताया गया कि सबसे ज्यादा केस श्वसन तंत्र, पाचन तंत्र और त्वचा संबंधी इंफेक्शन के हैं। फेफड़ों से जुड़ी बीमारियां जैसे निमोनिया, टाइफाइड, मलेरिया और फंगल इंफेक्शन के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। वहीं कई जगहों पर बैक्टीरिया और वायरस से फैलने वाले नए तरह के संक्रमण भी सामने आ रहे हैं, जो एंटीबायोटिक रेसिस्टेंस की वजह से और खतरनाक बन चुके हैं।
बच्चों और बुजुर्गों में ज्यादा खतरा
ICMR की रिपोर्ट के अनुसार, बच्चों और बुजुर्गों पर संक्रमण का खतरा सबसे ज्यादा है। कमजोर इम्यून सिस्टम और साफ-सफाई की कमी से ये वर्ग आसानी से इंफेक्शन की चपेट में आ जाता है। खासकर ग्रामीण इलाकों और घनी आबादी वाले शहरों में रहने वाले लोगों में संक्रमण के मामले और भी तेजी से बढ़ रहे हैं।
संक्रमण के पीछे क्या है वजह
रिपोर्ट में बताया गया है कि संक्रमण फैलने की सबसे बड़ी वजह खराब स्वच्छता, दूषित पानी, प्रदूषण और एंटीबायोटिक दवाओं का गलत इस्तेमाल है। कई लोग बुखार या हल्के संक्रमण पर भी खुद से दवा ले लेते हैं, जिससे बैक्टीरिया और वायरस और मजबूत हो जाते हैं। यही लापरवाही आने वाले समय में बड़े स्वास्थ्य संकट में बदल सकती है।
रोकथाम ही सबसे बड़ा इलाज
ICMR के विशेषज्ञों ने साफ कहा है कि संक्रमण की रोकथाम के लिए हेल्थ इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करना, जागरूकता बढ़ाना और एंटीबायोटिक का जिम्मेदारी से इस्तेमाल करना बेहद जरूरी है। इसके अलावा साफ पानी, संतुलित खानपान, हाथ धोने की आदत और समय पर टीकाकरण जैसी छोटी-छोटी बातें भी बड़े इंफेक्शन से बचा सकती हैं।
ICMR की यह रिपोर्ट एक चेतावनी है कि अगर अब भी हम सावधान नहीं हुए तो आने वाले सालों में इंफेक्शन देश की सबसे बड़ी स्वास्थ्य चुनौती बन जाएगा। हर व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी। साफ-सफाई, सही इलाज और स्वस्थ जीवनशैली ही हमें संक्रमण से सुरक्षित रख सकती है।
