Mumbai CSMT Mega Block: मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (CSMT) से सफर करने वाले यात्रियों के लिए एक बड़ी खबर है। सेंट्रल रेलवे, इस स्टेशन के पुनर्विकास कार्य के चलते 1 अक्टूबर से 15 दिसंबर 2026 तक पूरे 75 दिनों के लिए एक बड़ा ट्रैफिक और पावर ब्लॉक लागू करने जा रहा है। इस दौरान प्लेटफॉर्म नंबर 14 और 15 के साथ स्टेबलिंग लाइन 15 पर ट्रेन का परिचालन पूरी तरह बंद रहेगा। इसका सबसे ज्यादा प्रभाव CSMT आने-जाने वाली लंबी दूरी की ट्रेनों के यात्रियों पर पड़ेगा।
छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (CSMT) - File Photo
75 दिन का मेगा ब्लॉक क्यों लगाया जा रहा है?
यह मेगा ब्लॉक CSMT स्टेशन के 2,450 करोड़ रुपये के रीडेवलपमेंट प्रोजेक्ट के फेज-1 के तहत लगाया जा रहा है। इस चरण का काम रेल भूमि विकास प्राधिकरण (RLDA) द्वारा किया जा रहा है। इस दौरान प्लेटफॉर्म 14 और 15 व स्टेबलिंग लाइन 15 पर फाउंडेशन और इंफ्रास्ट्रक्चर का काम किया जाएगा। इसके लिए भारी मशीनरी, ड्रिलिंग रिग, क्रेन और कंक्रीट मिक्सर जैसी मशीनों का इस्तेमाल होगा। ऐसे में यात्रियों और कर्मचारियों की सुरक्षा को देखते हुए इन प्लेटफॉर्म और संबंधित ट्रैक पर ट्रेनों का संचालन बंद रखने का फैसला लिया गया है।
CSMT पर क्या-क्या काम होगा?
- नींव का काम: प्लेटफॉर्म 14, 15 और स्टेबलिंग लाइन 15 पर सीधे जमीन खोदकर कंक्रीट की नींव डाली जाएगी, ताकि आने वाले समय में बनने वाले एक बड़े एलिवेटेड पैसेंजर कॉनकोर्स को सहारा दिया जा सके।
- स्टेशन का अपग्रेडेशन: यात्रियों की सुविधा के लिए स्टेशन को अपग्रेड किया जाएगा और यहां रिटेल जोन, वेटिंग एरिया और बेहतर पार्सल जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
- ट्रैक का आधुनिकीकरण: प्रभावित प्लेटफॉर्म लाइनों पर टिकाऊ और कम रखरखाव वाली बैलास्टलेस ट्रैक यानी बिना गिट्टी वाली पटरियां बिछाई जाएंगी।
- इंफ्रास्ट्रक्चर की शिफ्टिंग: निर्माण के लिए मौजूदा ओवरहेड केबल, सिग्नल तार और यूटिलिटी पाइपलाइनों को भी जरूरत के हिसाब से सुरक्षित तरीके से दूसरी जगह शिफ्ट किया जाएगा।
- प्लेटफॉर्म की बिजली बंद: फेज 1 के निर्माण कार्य के दौरान भारी ड्रिलिंग मशीनें, कंक्रीट मिक्सर और क्रेनें प्लेटफॉर्म की जगह घेरेंगी, इसलिए यात्रियों और मजदूरों दोनों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इन प्लेटफॉर्म की बिजली और पटरियां पूरी तरह बंद रखी जाएंगी।
किन ट्रेनों पर पड़ेगा असर?
75 दिन के ब्लॉक की वजह से 8 लंबी दूरी की मेल/एक्सप्रेस ट्रेनें अब CSMT तक नहीं पहुंचेंगी। इन्हें दादर या ठाणे पर शॉर्ट टर्मिनेट कर दिया जाएगा। इस पूरी अवधि के दौरान प्लेटफॉर्म 14 और 15 पर ट्रेनों की आवाजाही पूरी तरह बंद रहेगी।
दादर पर समाप्त होने वाली ट्रेनें
- 11002 नंदीग्राम एक्सप्रेस
- 12810 हावड़ा एक्सप्रेस
- 12112 अमरावती एक्सप्रेस
- 11020 कोणार्क एक्सप्रेस
- 22120 तेजस एक्सप्रेस
- 22144 बीदर एक्सप्रेस
- 22108 लातूर एक्सप्रेस
ठाणे पर समाप्त होने वाली ट्रेन
- 12134 मंगलुरु एक्सप्रेस
लोकल ट्रेन यात्रियों पर क्या असर होगा?
जानकारी के मुताबिक, इस मेगा ब्लॉक के दौरान लोकल ट्रेनों को सीधे तौर पर रद्द नहीं किया जाएगा। हालांकि, लंबी दूरी की ट्रेनों को दादर और ठाणे में समाप्त किए जाने के कारण इन दोनों स्टेशनों पर यात्रियों की संख्या बढ़ सकती है। इससे खासकर पीक टाइम में प्लेटफॉर्म और कनेक्टिंग लोकल ट्रेनों पर अतिरिक्त भीड़ देखने को मिल सकती है।
अगर आप अक्टूबर से दिसंबर के बीच CSMT से या CSMT तक लंबी दूरी की ट्रेन से यात्रा करने की योजना बना रहे हैं, तो अपनी ट्रेन का स्टेटस पहले से जरूर चेक कर लें। साथ ही, दादर और ठाणे स्टेशनों पर अतिरिक्त भीड़ को ध्यान में रखते हुए अपनी यात्रा के लिए कुछ अतिरिक्त समय लेकर ही घर से चलें।
