E20 Petrol को लेकर भारत में खूब हो-हल्ला हो रहा है। गाड़ियों के मालिक इसका विरोध कर रहे हैं, जबकि सरकार इसके फायदे गिना रही है। E20 पेट्रोल में 20% एथेनॉल और 80% पेट्रोल होता है। भारत में E20 पेट्रोल का विस्तार 2030 तक पूरे देश में करने का प्लान था लेकिन इस समयसीमा से पहले ही इसे लागू कर दिया गया है। E20 को लेकर सरकार का कहना है कि इससे पारंपरिक ईंधन पर निर्भरता कम होगी, घरेलू एथेनॉल उत्पादन को बढ़ावा मिलेगा और पर्यावरण को भी कम-से-कम नुकसान पहुंचेगा, इसके विपरित गाड़ियों के मालिकों का कहना है कि E20 पेट्रोल से माइलेज घटता है, इंजन को नुकसान हो सकता है और रखरखाव का खर्च भी बढ़ सकता है। आइए विस्तार से समझते हैं कि वास्तव में E20 आपकी गाड़ी के लिए अच्छा है या बुरा और इस बारे में एक्सपर्ट क्या कहते हैं...
क्या है E20 पेट्रोल?
E20 पेट्रोल एक प्रकार का ईंधन है जिसमें 20% एथेनॉल (एथनॉल) और 80% पेट्रोल का मिश्रण होता है। यह एक जैव-ईंधन (बायोफ्यूल) है, जिसे पर्यावरण के अनुकूल और टिकाऊ ऊर्जा स्रोत के रूप में इस्तेमाल किया जाता है। एथेनॉल, जो गन्ना, मक्का या अन्य कृषि उत्पादों से बनाया जाता है, एक नवीकरणीय संसाधन है और इसे पेट्रोल में मिलाकर वाहनों के उत्सर्जन को कम करने में मदद मिलती है। E20 पेट्रोल का इस्तेमाल भारत में सरकार द्वारा 2030 तक एथेनॉल मिश्रण को बढ़ावा देने की रणनीति का हिस्सा है। यह मिश्रण वाहनों के इंजन में बिना किसी बड़े बदलाव के इस्तेमाल किया जा सकता है, बशर्ते वाहन निर्माता ने पहले से इसकी तैयारी की हो यानी वाहन निर्माता कंपनियों को अपनी गाड़ियों के इंजन को एथेनॉल के अनुसार तैयार करना होगा। E20 पेट्रोल के साथ एक बड़ी समस्या जमीन और जल को लेकर है, क्योंकि इसमें बड़े इलाके और भारी मात्रा में पानी की जरूरत होती है।
E20 पेट्रोल आपकी गाड़ी के लिए अच्छा या बुरा?
what is E20 Petrol
गाड़ियों की परफॉर्मेंस पर असर
रिसर्च बताती है कि E20 पेट्रोल गाड़ियों की माइलेज को थोड़ा प्रभावित करता है। पारंपरिक पेट्रोल की तुलना में इसमें ऊर्जा घनत्व यानी एनर्जी डेंसिटी कम होता है, जिसकी वजह से गाड़ियां प्रति लीटर थोड़ी कम दूरी तय करती हैं, हालांकि यह अंतर बहुत बड़ा नहीं है, लेकिन लॉन्ग टर्म में फर्क महसूस किया जा सकता है।
क्या इंजन पर असर पड़ता है
E20 पेट्रोल में मौजूद एथेनॉल का इंजन पर अलग असर पड़ता है। पुराने मॉडल की गाड़ियों में यह इंजन के धातु और रबर पार्ट्स को प्रभावित कर सकता है, क्योंकि एथेनॉल पानी को सोखने की क्षमता रखता है और इससे जंग लगने का खतरा बढ़ सकता है। वहीं, नई गाड़ियां E20-कम्पैटिबल इंजन टेक्नोलॉजी के साथ आ रही हैं, जिनमें यह समस्या नहीं होती।
क्या वास्तव में पर्यावरण के लिए फायदेमंद है
E20 पेट्रोल का सबसे बड़ा फायदा पर्यावरण को मिलता है। रिसर्च के अनुसार, यह पेट्रोल कार्बन मोनोऑक्साइड और हानिकारक गैसों के उत्सर्जन को कम करता है। एथेनॉल गन्ने और अन्य फसलों से तैयार किया जाता है, इसलिए यह एक नवीकरणीय स्रोत है और जीवाश्म ईंधन पर निर्भरता घटाने में मददगार साबित होता है।
E20 Petrol Vehicle
महंगा है या सस्ता
E20 पेट्रोल की कीमत सामान्य पेट्रोल के बराबर रखी गई है, हालांकि गाड़ी की माइलेज में थोड़ी कमी आने से लंबे समय में ईंधन खर्च थोड़ा बढ़ सकता है, लेकिन सरकार का मानना है कि इसका फायदा किसानों और पर्यावरण दोनों को मिलेगा, जिससे अप्रत्यक्ष रूप से देश की अर्थव्यवस्था मजबूत होगी।
भविष्य की तैयारी क्या है
भारत में ऑटोमोबाइल कंपनियां अब नई गाड़ियों को E20 पेट्रोल के अनुसार डिजाइन कर रही हैं। साल 2025 तक अधिकतर नई गाड़ियां E20 कम्पैटिबल होंगी। इसका मतलब है कि आने वाले समय में इस ईंधन का इस्तेमाल आम हो जाएगा।
अब कुल मिलाकर कहा जाए तो E20 पेट्रोल पर्यावरण के लिहाज से तो फायदेमंद है, लेकिन पुरानी गाड़ियों के मालिकों को इसके इस्तेमाल से थोड़ी परेशानी हो सकती है क्योंकि उन्हें पहले अपने वाहन की कम्पैटिबिलिटी चेक करनो होगी और मोडिफिकेशन की जरूरत होगी।'
