Price Hike: ईरान युद्ध के बीच जिसकी आशंका थी वो अब धीरे-धीरे सच बनकर सामने आने लगी हैं। अमूल और मदर डेयरी ने दूध के दाम बढ़ाकर जनता को महंगाई का जोरदार झटका दिया है। पिछले कुछ समय से लोग लगातार आशंकित हैं कि ईरान संकट के मद्देनजर तेल के दाम कभी भी बढ़ सकते हैं। फिलहाल सरकार ने साफ तौर पर कुछ नहीं कहा है, लेकिन पीएम मोदी ने तेल बचाने की अपील करके देशवासियों को सतर्क जरूर कर दिया है। सरकार पर इस अपील का असर भी दिखा है और कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने अपना कार फ्लीट बेहद कम कर दिया है। खुद पीएम मोदी और अमित शाह ने भी अपने काफिलों की कारों को लगभग आधा कर दिया है।
क्या लगने वाली है महंगाई की मार? (AI Image)
क्या अब बारी तेल की होगी?
बहरहाल, आशंकाओं के बीच सवाल उठ रहा है कि क्या अब बारी तेल की होगी। ईरान युद्ध का सीधा असर तेल सप्लाई पर पड़ा है। स्ट्रेट ऑफ होर्मुज बंद होने की वजह से भारत में तेल-गैस की आपूर्ति बाधित हुई है। इस जलमार्ग से दुनिया के 20 फीसदी तेल-गैस की सप्लाई होती है। भारत इससे खास तौर पर प्रभावित हुआ है क्योंकि इस सी-रूट से भारत का 60 फीसदी तेल आयात होता है। यूएई और दूसरे खाड़ी देश इसी रूट से भारत को तेल-गैस की सप्लाई करते हैं। होर्मुज के अधिकतर हिस्से पर ईरान ने कब्जा कर लिया है। जब अमेरिका इसे खुलवाने में नाकाम रहा तो उसने बाकी हिस्से की नाकेबंदी कर दी। इस तरह इस रूट से अब बहुत कम तेल-गैस की सप्लाई हो रही है।
इससे भारत बड़े पैमाने पर प्रभावित हुआ है। एलपीजी गैस किल्लत के चलते कई होटल, ढाबे, रेस्टोरेंट बंद हो गए। 1000 वाला सिलेंडर ब्लैक में 3000 रुपये तक बिकने लगा। लगातार आशंका जताई जा रही है कि तेल-गैस के दाम कभी भी बढ़ सकते हैं। अगर ऐसा होता है तो इसका असर बाकी वस्तुओं पर दिखेगा। न सिर्फ ट्रांसपोर्ट महंगा होगा, बल्कि रोजमर्रा की सामान भी महंगे होंगे। इसका सीधा असर आम आदमी की जेब पर होगा, जो पहले ही महंगाई की मार से जूझ रहा है।
अमूल-मदर डेयरी ने बढ़ाए दूध के दाम
भारत के सबसे बड़े डेयरी उत्पाद खुदरा विक्रेताओं, अमूल और मदर डेयरी ने बुधवार को दूध की कीमतों में 2 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की, जिससे युद्ध के कारण पहले से ही बढ़ रही महंगाई और परिवारों के बजट पर पड़ रहे दबाव में और इजाफा हुआ है। पिछले 13 महीनों में इन दोनों डेयरी सहकारी समितियों द्वारा की गई यह दूसरी बढ़ोतरी है, जिससे क्षेत्रीय डेयरी कंपनियों द्वारा भी इसी तरह की बढ़ोतरी किए जाने की आशंका है।
अमूल ने क्या तर्क दिया?
अमूल ब्रांड के तहत दूध और दूध उत्पादों की मार्केटिंग करने वाले गुजरात सहकारी दुग्ध विपणन महासंघ (GCMMF) ने एक बयान में कहा कि उसने भारत भर में बिकने वाले प्रमुख दूध के पैकेटों की कीमतों में 14 मई से 2 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की है। वहीं, मदर डेयरी ने कहा कि उसने अपने तरल दूध के विभिन्न प्रकारों की उपभोक्ता कीमतों में 2 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की है, जो गुरुवार से प्रभावी है।
जीसीएमएमएफ द्वारा आखिरी बार कीमतों में बढ़ोतरी 1 मई, 2025 को की गई थी, जबकि मदर डेयरी ने अप्रैल 2025 में कीमतें बढ़ाई थीं। भारत के दो सबसे बड़े संगठित दूध खुदरा विक्रेताओं द्वारा कीमतों में की गई बढ़ोतरी से खाद्य मुद्रास्फीति और बढ़ेगी, जो पश्चिम एशिया में चल रहे संघर्ष के कारण हाल के हफ्तों में पहले ही बढ़ चुकी है। अप्रैल में खाद्य मुद्रास्फीति 4 प्रतिशत के पार पहुंच गई थी, और दूध की कीमतों में नवीनतम वृद्धि आम आदमी पर बोझ और बढ़ाएगी।
जीसीएमएमएफ ने कहा कि कीमतों में यह वृद्धि लगभग 2.5-3.5 प्रतिशत प्रति लीटर है, जो औसत खाद्य मुद्रास्फीति से कम है। जीसीएमएमएफ ने कहा, यह मूल्य वृद्धि दूध के संचालन और उत्पादन की कुल लागत में वृद्धि के कारण की जा रही है। इस वर्ष के दौरान पशु आहार, दूध पैकेजिंग फिल्म और ईंधन की लागत में काफी वृद्धि हुई है। सहकारी समिति ने कहा कि उसके सदस्य संघों ने किसानों के खरीद मूल्य में 30 रुपये प्रति किलोग्राम वसा की वृद्धि की है, जो मई 2025 की तुलना में 3.7 प्रतिशत की वृद्धि है।
मदर डेयरी ने क्या कहा?
मूल्य वृद्धि पर मदर डेयरी ने कहा, उपभोक्ताओं पर प्रभाव को सीमित करने के निरंतर प्रयासों के बावजूद, पिछले एक वर्ष में किसानों के खरीद मूल्यों में लगभग 6 प्रतिशत की लगातार वृद्धि को देखते हुए यह संशोधन आवश्यक हो गया है। संस्था ने आगे कहा कि यह मूल्य संशोधन बढ़ी हुई लागतों का केवल आंशिक रूप से उपभोक्ताओं तक पहुँचाना है और इसका उद्देश्य "किसान कल्याण और उपभोक्ता हितों के बीच उचित संतुलन बनाए रखना है।
अमूल और मदर डेयरी दोनों ही अपनी बिक्री से प्राप्त आय का लगभग 75-80 प्रतिशत दूध उत्पादकों को देते हैं। मदर डेयरी देशभर में प्रतिदिन 55 लाख लीटर दूध बेचती है। यह दिल्ली-एनसीआर में एक प्रमुख दूध आपूर्तिकर्ता है।
