Ulka Gupta New Car: टीवी एक्ट्रेस उल्का गुप्ता ने 12 अप्रैल को शानदार तरीके से अपना बर्थडे सेलिब्रेट किया। आखिरी बार बन्नी चाउ होम डिलीवरी में नजर आईं उल्का गुप्ता ने जन्मदिन के मौके पर खुद को बेहद खास गिफ्ट देने का फैसला किया है। उल्का गुप्ता ने खुद को एक लग्जरी कार गिफ्ट की है और खुद इसको खरीदने के लिए शोरूम पहुंची। उल्का गुप्ता अपने नई कार घर ले आई हैं। खास बात ये है कि पर्यावरण की रक्षा में विश्वास रखने वालीं अभिनेत्री उल्का गुप्ता ने इलेक्ट्रिक वाहन खरीदा है।
कार लेने पहुंचीं झांसी की रानी फेम एक्ट्रेस उल्का गुप्ता को इस दौरान सफेद टॉप और डेनिम पैंट पहने देखा गया। अपनी पहली इलेक्ट्रिक कार खरीदने शोरूम पहुंचीं उल्का गुप्ता बहुत ही खुश नजर आईं। उन्होंने मीडिया के सामने अपनी नई कार की पहली झलक दिखाई और एक छोटी सी पूजा भी की। उन्होंने अपनी कार के बोनट पर स्वास्तिक बनाया जिसे शुभ माना जाता है। इस मौके को सेलिब्रेट करने के लिए उन्होंने केक भी काटा।
कार खरीदने के बाद, उल्का ने अपनी नई उपलब्धि के बारे में बताया- 'मैंने पिछले साल से एक इलेक्ट्रिक कार खरीदने की योजना बनाई थी। मुझे कई सुझाव मिल रहे थे और मैं भ्रमित थी लेकिन फिर मैं अपनी फीलिंग के साथ गई। मैं पर्यावरण की रक्षा के लिए अपना काम करना चाहती थी। इसलिए मैंने अपने जन्मदिन पर एक ईवी कार खरीदी। साथ ही, क्योंकि मैं चाहती हूं कि मेरा देश दूसरे देशों पर निर्भर न रहे। मैं इस आंदोलन का एक छोटा सा हिस्सा हूं।
अभिनेत्री उल्का गुप्ता ने बताया कि वह अपने प्रशंसकों को इलेक्ट्रिक कार खरीदने और आंदोलन को आगे ले जाने के लिए प्रेरित करना चाहती हैं। 'मेरे पास कई सपनों की कारें हैं। लेकिन इलेक्ट्रिक कारों की बात ही कुछ और है। मैं ज्यादा ड्राइव नहीं करती, लेकिन मैं ड्राइवर की सीट पर बैठना चाहती थी। मैं अपने प्रशंसकों को हमारे पर्यावरण की रक्षा करने और आंदोलन को आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित करना चाहती हूं।'
वर्कफ्रंट की बात करें तो अभिनेत्री से हाल ही में खतरों के खिलाड़ी 13 के लिए संपर्क किया गया था, लेकिन उन्होंने इस प्रस्ताव को ठुकरा दिया है। उल्का गुप्ता का कहना है-'हां मुझे खतरों के खिलाड़ी की पेशकश की गई थी, लेकिन तारीखों के मुद्दों के कारण, मैं ऐसा नहीं कर सकी। लेकिन भविष्य में मुझे यह करना अच्छा लगेगा।'
