Pawandeep Rajan Plays Chess In Hospital Team Shares His Health Update: टीवी के चर्चित शो 'इंडियन आइडल 12' में जीत दर्ज करने वाले पवनदीप राजन का बीती 5 मई को भयंकर एक्सीडेंट हो गया था, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। पवनदीप राजन एक्सीडेंट में बुरी तरह से चोटिल हो गए थे और अभी तक उनकी कई सर्जरी भी हो चुकी है। उनकी टीम ने शुक्रवार यानी 9 मई को हेल्थ अपडेट देते हुए बताया था कि पवनदीप राजन का 8 घंटे ऑपरेशन चला, जिसमें उनकी तीन सर्जरी हुई। लेकिन अब पवनदीप राजन (Pawandeep Rajan) की एक फोटो सोशल मीडिया पर सामने आई है, जिसे देख कहा जा सकता है कि वह धीरे-धीरे ठीक हो रहे हैं। हालांकि पवनदीप राजन के हाथ और पैर पर चोट के निशान देखने को मिले।
पवनदीप राजन (Pawandeep Rajan) की इंस्टाग्राम स्टोरी पर उनकी टीम ने फोटो शेयर की, जिसमें वह अस्पताल में रहकर चेस खेलते नजर आए। पवनदीप राजन की टीम ने पोस्ट शेयर कर लिखा, "रिकवरी मोड शुरू हो चुका है। आप सभी के आशीर्वाद और प्रार्थनाओं के लिए बहुत-बहुत शुक्रिया।" पवनदीप राजन फोटो में अपने बेट पर ही बैठे नजर आए, वहीं अस्पताल के दो स्टाफ उनके पास मौजूद दिखाई दिये। बता दें कि पवनदीप राजन की टीम लगातार उनसे जुड़ा अपडेट फैंस के साथ साझा कर रही है।
'इंडियन आइडल 12' विजेता पवनदीप राजन (Pawandeep Rajan) का बीते 5 मई को मोरादाबाद के पास एक्सीडेंट हुआ था। कार में उनके साथ एक साथी और ड्राइवर था। बताया जा रहा है कि ड्राइवर का अचानक कार पर नियंत्रण खो गया, जिससे वह जाकर कैंटर ट्रक में टकरा गई। स्थानीय लोगों ने पुलिस की मदद से पवनदीप राजन को तुरंत अस्पताल पहुंचाया।
