Avika Gor Announces Wedding With Milind Chandwani On Pati Patni Aur Panga: टीवी की 'बालिका वधू' यानी अविका गोर ने अपनी एक्टिंग और अंदाज से लोगों का खूब दिल जीता है। अविका गोर ने 'बालिका वधू' की आनंदी बनकर घर-घर में अपनी पहचान बनाई थी। इसके बाद वह 'ससुराल सिमर का' में भी नजर आई थीं। अविका गोर ने टीवी सीरियल्स के साथ-साथ फिल्मों में भी हाथ आजमाया, वहीं अब वह 'पति पत्नी और पंगा' के जरिए दोबारा टीवी पर धाकड़ वापसी के लिए तैयार हैं। खास बात तो यह है कि इस शो में अविका गोर (Avika Gor) अपने मंगेतर मिलिंद चंदवानी के साथ नजर आएंगी। इतना ही नहीं, अविका गोर ने 'पति-पत्नी और पंगा' में रहते हुए मिलिंद चंदवानी संग शादी का ऐलान भी कर दिया है।
फोटो क्रेडिट- मिलिंद चंदवानी इंस्टाग्राम
यह भी पढ़ें: Exclusive: अविका गोर-मिलिंद चंदवानी की सगाई पर ऑनस्क्रीन पति ने दिया रिएक्शन, खुलासा कर बोले- शुरुआत से ही...
'बालिका वधू' फेम अविका गोर (Avika Gor) ने मिलिंद चंदवानी संग शादी का ऐलान करने से पहले अपने काम का आभार जताया, साथ ही चैनल को भी शुक्रिया कहा। एक्ट्रेस ने कहा, "उस जगह वापसी करना थोड़ा अतुल्य है, जहां से सब चीजों की शुरुआत हुई थी। आभार और पुरानी यादों के साथ। 'बालिका वधू' ने मुझे और यहां मौजूद बहुत से लोगों को अपनी किस्मत दोबारा लिखना सिखाया। सालों बाद मैं कलर्स पर आई हूं आनंदी बनकर नहीं बल्कि अविका गोर बनकर, जो जिंदगीभर के लिए अपना चुनाव करने के लिए तैयार है।"
अविका गोर (Avika Gor) यहीं नहीं रुकीं। उन्होंने मिलिंद चंदवानी की तारीफ में कहा कि वह उनकी ग्रोथ में उनके साथ रहे और उनका सबसे बड़ा सपोर्ट भी बने। एक्ट्रेस ने कहा, "जब मिलिंद ने मुझसे अपनी पूरी जिंदगी साथ में बिताने के लिए कहा तो मैं अपनी जिंदगी के सबसे आसान 'हां' को कहते हुए चिल्ला पड़ी। हम दो अधूरे लोग साथ में बढ़ने, एक-दूजे को चैलेंज करने और कुछ बनाने के लिए तैयार हैं। मैं इससे बेहतर कोई और जगह नहीं ढूंढ सकती थी। 'पति-पत्नी और पंगा' पर अपनी शादी का ऐलान करना बहुत ही निजी है। वो लोग, जिन्होंने मुझे इतने सालों तक 'बालिका वधू' के रूप में प्यार दिया। मैं अब आप लोगों का आशीर्वाद चाहती हूं, क्योंकि मैं असल जिंदगी की वधू बनने जा रही हूं। मैं बहुत आभारी हूं कि मुझे ये चीजें उन लोगों के साथ साझा करने का मौका मिला, जिन्होंने मेरे सफर को आकार दिया है।"
