Exclusive Sara Khan And Krish Pathak To Have Grand Wedding In December: टीवी की मशहूर एक्ट्रेस सारा खान ने अपनी एक्टिंग और अंदाज से लोगों का खूब दिल जीता है। सारा खान ने हाल ही में 'रामायण' फेम सुनील लहरी के बेटे कृष पाठक संग शादी रचाई है। सारा खान और कृष पाठक ने परिवार की मौजूदगी में कोर्ट मैरिज की और सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर फैंस को अपनी शादी की खुशखबरी दी। यूं तो सारा खान (Sara Khan) और कृष पाठक ने पोस्ट में ही बता दिया है कि दोनों दिसंबर में शादी करेंगे। वहीं अब सारा खान और कृष पाठक ने टेली टॉक संग भी शादी के सिलसिले में खास बातचीत की, जिसमें कपल ने अपनी प्लानिंग से भी पर्दा उठाया।
फोटो क्रेडिट- सारा खान इंस्टाग्राम
सारा खान (Sara Khan) ने कोर्ट मैरिज से जुड़ी पोस्ट साझा कर अपने फैंस और टीवी स्टार्स को हैरान कर दिया था। लेकिन इस बारे में बात करते हुए एक्ट्रेस ने कहा, सरप्राइज तो मेरे लिए, मुझे ही दिया है ऊपरवाले ने इस खूबसूरत इंसान को मेरी जिंदगी में भेजकर मेरे पति के तौर पर और मैं यही कहूंगी कि ये सबके लिए सरप्राइज ही होगा, क्योंकि मैं अपनी जिंदगी के बारे में ज्यादा शेयर नहीं करती हूं। लेकिन ये ऐसा है कि अब मेरा नाम बदलने वाला है। अब मैं किसी की पत्नी हूं तो ये जाहिर है कि बाहर तो आना ही था।" सारा खान ने बताया कि उन्होंने और कृष पाठक ने केवल परिवार की मौजूदगी में कोर्ट मैरिज की और दिसंबर में वे दोनों रीति-रिवाजों से शादी करेंगे। "हम दिसंबर में निकाह करेंगे और सात फेरे लेंगे क्योंकि इसमें दोनों ही कल्चर मिक्स हुए।"
सारा खान (Sara Khan) और कृष पाठक की मुलाकात डेटिंग ऐप के जरिए हुई थी। लेकिन जब एक्ट्रेस से पूछा गया कि कृष की क्या चीज थी, जो उन्हें सबसे ज्यादा पसंद आई। इसपर सारा खान ने कहा, "वो बहुत आध्यात्मिक हैं, मैं भी आध्यात्मिक हूं। ये बहुत क्रिएटिव हैं, इन्हें फिल्में बनाना बहुत पसंद हैं। ये मेरी तरह ही बहुत पैशनेट हैं, इन्हें कुछ नया करना बहुत पसंद है। हर चीज ने मुझे इनकी ओर आकर्षित किया और हमें एक बंधन में बांध दिया।" अपनी शादी की प्लानिंग के बारे में बताते हुए सारा खान ने कहा, "मेरी सासू मां नैनीताल की हैं तो हमारी पहाड़ी शादी होगी। ये मैंने कभी किसी शो में नहीं की है। जाहिर है कि हमारा निकाह भी होगा।"
सारा खान (Sara Khan) के अलावा कृष पाठक ने भी इंटरव्यू के दौरान एक्ट्रेस पर प्यार लुटाने में कोई कसर नहीं छोड़ी। उन्होंने कहा, "सारा की हर बात ने मेरा दिल जीत लिया। जिस तरह का प्यार मुझे उनसे मिला, वो मुझे और किसी से नहीं मिला।"
