Dipika Kakar Open Up On Pahalgam Attack: पहलगाम आतंकी हमले ने देश को झकझोर कर रख दिया था। कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले में करीब 28 लोगों की मौत हुई और 17 लोग हमले में घायल हुए थे। आतंकी हमले को आज 7 दिन बीत चुके हैं, लेकिन लोग इसके गम से उबर नहीं पाए हैं। वहीं दूसरी ओर प्रशासन भी मामले को लेकर सतर्क नजर आ रहा है। पहलगाम आतंकी हमले पर दीपिका कक्कड़ (Dipika Kakar) ने अपने लेटेस्ट व्लॉग में दिल का गुबार निकाला। उन्होंने दोषियों के खिलाफ सजा की मांग की, साथ ही अपने कश्मीर ट्रिप से जुड़ी कुछ बातें भी बताईं। दीपिका कक्कड़ ने व्लॉग में इस्लाम धर्म का भी जिक्र किया।
यह भी पढ़ें: पहलगाम आतंकी हमले पर शोएब इब्राहीम हुए शर्मिंदा, कहा 'सिर झुकता है मुसलमान का जैसे मेरा...'
दीपिका कक्कड़ ने बांधे कश्मीर की तारीफों के पुल
दीपिका कक्कड़ (Dipika Kakar) ने बताया कि वे लोग कश्मीर में बैसरन घाटी नहीं गए थे, जहां हमला हुआ था। उन्होंने केवल शहर का ही दौरा किया था। दीपिका ने अपने व्लॉग में कश्मीरियों की तारीफ करते हुए कहा, "कश्मीरी बहुत प्यारे और स्वागत करने वाले लोग हैं और आपको वहां पर शांति महसूस होगी। मैंने पहले भी ये बात कही है कि कश्मीर में सुकून महसूस होता है। लेकिन वो इतनी भयानक चीज से क्यों गुजर रहे हैं, उनका तो कोई कुसूर नहीं था।"
दीपिका कक्कड़ ने की आतंकियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग
दीपिका कक्कड़ (Dipika Kakar) ने अपने व्लॉग में आतंकियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए कहा, "मैं तो दिल से दुआ करती हूं कि जो चार लोगों का स्केच जाही हुआ है, वे भी ऐसी ही परेशानियों और दर्द से गुजरें। जिस तरह मासूम लोग उनकी वजह से जूझ रहे हैं, उन्हें भी इसी तकलीफ से जूझना चाहिए।"
दीपिका कक्कड़ ने इस्लाम पर कही ये बात
दीपिका कक्कड़ (Dipika Kakar) ने अपने व्लॉग में इस्लाम पर भी बात की। उन्होंने कहा, "जितना मैं इस्लाम को समझती हूं, मैं ईमानदारी से कह सकती हूं कि कोई भी ईमान वाला इंसान ये नहीं कर सकता है। वो लोग धर्म के नाम पर किसी को नहीं मारेंगे, कोई भी धर्म दूसरे धर्म के लोगों को मारना नहीं सिखाता है। हम सभी को शांति और एक-दूजे के सम्मान के साथ रहना सिखाया जाता है। जो इस तरह के भयावह रास्तों पर चल रहे हैं वो किसी धर्म को नहीं मान रहे। वो केवल आतंकी हैं।"
