Anurag Dobhal First Post Viral From Hospital: टीवी के चर्चित शो 'बिग बॉस 17' में हाथ आजमा चुके अनुराग डोभाल अपने पारिवारिक मसलों के कारण काफी चर्चा में बने हुए हैं। अनुराग डोभाल ने परिवार से परेशान होकर कुछ दिनों पहले खुदकुशी की कोशिश की थी। इस घटना के बाद उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। चंद दिनों पहले ही अनुराग डोभाल को आईसीयू से जनरल वार्ड में शिफ्ट किया गया है। उन्हें बीच में निमोनिया भी हो गया था। लेकिन अब उनकी सेहत पहले से कहीं ज्यादा बेहतर है। अनुराग डोभाल (Anurag Dobhal) ने अस्पताल से अब अपनी पहली पोस्ट साझा की है, जिसमें उन्होंने दिल का गुबार निकाला है। अनुराग डोभाल ने पोस्ट में खुद को 'अनाथ' बताया, साथ ही कहा कि उन्होंने यह नहीं सोचा था कि वह जिंदा बचेंगे।
फोटो क्रेडिट- अनुराग डोभाल इंस्टाग्राम
अनुराग डोभाल (Anurag Dobhal) ने पोस्ट में अस्पताल से ही अपनी एक तस्वीर शेयर की, जिसमें वह बेड पर लेटे नजर आए। अनुराग डोभाल ने पोस्ट में लिखा, "कभी सोचा नहीं था कि जिंदा रहूंगा, जिस रास्ते मैं गया था वहां से आना नामुमकिन था। मेरे लिए ये सब एक जादू से कम नहीं है। एक अनाथ हूं आज। मुझे नहीं पता कि आगे क्या होगा, क्या करूंगा। लेकिन एक नया जन्म मिला है तो कुछ तो सोचा होगा भगवान ने। बहुत सारे लोग परेशान हैं मेरे लिए। मैं आईसीयू से बाहर हूं और अब सुरक्षित हूं। शुक्रिया जो लोग साथ हैं और जिन लोगों ने मेरे लिए प्रार्थना की। शायद ये आप लोगों की प्रार्थना थी जिसके कारण ये जन्म मिला। बाकी भगवान भरोसे छोड़ दिया है सब।"
अनुराग डोभाल (Anurag Dobhal) की पोस्ट पर सोशल मीडिया यूजर्स और सेलेब्स भी खूब कमेंट कर रहे हैं। अभिषेक कुमार ने कमेंट किया, "शुक्र।" वहीं मनोज डे ने लिखा, "जाको राखे साइयां, मार सके ना कोय।" बता दें कि अनुराग डोभाल की इस पोस्ट को अभी तक 9 लाख से भी ज्यादा लाइक्स मिल चुके हैं। अनुराग डोभाल की पत्नी रितिका चौहान ने भी बीते दिन सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर की थी, जिसमें उन्होंने लिखा था, "एक समय था जब मैं तुम्हारे लिए प्रार्थना करती थी। अब मैं बस यही प्रार्थना करती हूं कि सब कुछ फिर से शांति और ठीक हो जाए।"
