Times Now Summit Karnataka 2026 Chetan Ahimsa: टाइम्स नाउ समिट कर्नाटक 2026 में चेतन कुमार ने टाइम्स नाउ के डिप्टी न्यूज एडिटर आशीष पारीक (Ashish Pareek) के साथ खास बातचीत की। इस दौरान चेतन अहिंसा (Chetan Ahimsa) ने ग्लोबल कर्नाटक में कन्नड़ पहचान (Kannada Identity) को लेकर अपने विचार शेयर किए। उन्होंने बताया कि अमेरिका में करीब 23 साल रहने के बावजूद उनका इमोशनल जुड़ाव कन्नड़ भाषा और कर्नाटक से बना रहा। इसी जुड़ाव और अपने विचारों के चलते उन्होंने वापस आकर राज्य की सेवा करने का फैसला किया। तो चलिए जानते हैं कि टाइम्स नाउ समिट कर्नाटक 2026 में चेतन कुमार ने और क्या खुलासे किए हैं।
चेतन अहिंसा बोले- फिल्म स्टार्स और राजनेता हमारे रोल मॉडल नहीं, निस्वार्थ भाव से सेवा करने वाले लोग हैं असली प्रेरणा (Image Source: Times Now)
Times Now Navbharat पर ये भी पढ़ें:Times Now Summit Karnataka 2026: पिता के निधन के बाद टूट गई थीं Ramya, बोलीं- 'शोक मनाने का भी नहीं मिला समय'
कन्नड़ पहचान और समाज में न्याय पर क्या बोले चेतन?
बातचीत के दौरान चेतन कुमार ने कहा कि किसी भी इंसान को जिंदगी में आगे बढ़ने के लिए एक मकसद की जरूरत होती है। ऐसा उद्देश्य होना चाहिए, जो उसे हर सुबह उठकर कुछ करने की प्रेरणा दे। उन्होंने बताया, 'जब मैं अमेरिका में 23 साल तक रहा, तब भी इमोशनल रूप से कन्नड़ और कर्नाटक से बहुत गहराई से जुड़ा हुआ था। अपने विश्वास और विचारधारा के चलते मैंने वापस आकर सेवा करने का फैसला किया।' समाज में न्याय और समानता के सवाल पर अपनी बात रखते हुए चेतन ने कहा कि जिन लोगों को ज्यादा पाने का मौका नहीं मिला है, उन्हें आगे बढ़ने का अवसर मिलना चाहिए। वहीं, जिन लोगों को समाज से बहुत कुछ मिला है, उन्हें बदले में समाज को ज्यादा देना चाहिए। उन्होंने कहा कि उनका मकसद एक ऐसा समाज बनाना है, जहां सभी को बराबरी का हक मिले।
Times Now Navbharat पर ये भी पढ़ें:Times Now Summit Karnataka: 'मैं थोड़ा घबराया हुआ था'- एआर रहमान के फोन से बदल गई विजय प्रकाश की जिंदगी
कोइंसिडेंस से एक्टर बने थे चेतन कुमार
चेतन कुमार ने अपनी एक्टिंग जर्नी के बारे में भी बात की। उन्होंने बताया कि एक्टर बनना कभी उनका प्लान नहीं था। वो पढ़ाई और काम के लिए आए थे और थिएटर के जरिए समाज की सेवा करना चाहते थे। इसी दौरान उन्होंने स्ट्रीट प्ले भी किए। हालांकि, धीरे-धीरे उन्हें फिल्मों में काम करने के मौके मिलने लगे और वो एक्टर बन गए। चेतन ने कहा, 'मैं पढ़ाई करने, काम करने और थिएटर के जरिए सेवा करने आया था। मैं स्ट्रीट प्ले करता था। एक्टिंग तो संयोग से हो गई। मुझे फिल्मों के कुछ मौके मिले और जिन फिल्मों ने मुझे प्रेरित किया, उन्होंने अच्छा प्रदर्शन भी किया।'
फिल्म स्टार्स और नेता नहीं, ये हैं चेतन के असली रोल मॉडल
बातचीत में चेतन कुमार ने अपने असली रोल मॉडल को लेकर भी खुलकर बात की। उन्होंने कहा कि फिल्मी सितारे, क्रिकेट खिलाड़ी, राजनेता या अमीर उद्योगपति उनके आदर्श नहीं हैं। उनके लिए ऐसे लोग प्रेरणा हैं, जो बिना किसी स्वार्थ के राज्य और देश की सेवा करते हैं। चेतन ने कहा, 'हम कर्नाटक की सबसे ऊंचे स्तर पर सेवा करने के लिए काम कर रहे हैं। हम ये काम निस्वार्थ भाव से कर रहे हैं, क्योंकि यही लोग हमारे असली रोल मॉडल हैं। सिनेमा स्टार्स, क्रिकेट खिलाड़ी, राजनेता या अमीर उद्योगपति हमारे आदर्श नहीं हैं। हमारे आदर्श वे लोग हैं, जो राज्य और देश की निस्वार्थ सेवा करते हैं। हम अपनी पूरी क्षमता के साथ उसी रास्ते पर चलना चाहते हैं।'
