एक्ट्रेस रश्मिका मंदाना (Rashmika Mandanna) और विजय देवरकोंडा के रिश्ते पर सवाल उठाने वालों को एक्ट्रेस ने करारा जवाब दिया है। ‘कॉफी विद करण 9’ में दोनों की बातचीत के बाद सोशल मीडिया पर उनके रिश्ते को लेकर बहस छिड़ गई। कुछ लोगों ने विजय की बातों पर सवाल उठाए, तो कुछ ने रश्मिका को अपने रिश्ते पर दोबारा सोचने की सलाह दी। अब रश्मिका ने सोशल मीडिया पर लंबा नोट शेयर कर ट्रोलर्स को जवाब दिया है। उन्होंने साफ कहा कि वह विजय के साथ बेहद खुश हैं और किसी को भी उनके रिश्ते पर सवाल उठाने का हक नहीं है। (Times Now Navbharat पर ये भी पढ़ें-Tiger Shroff Firing Case: जब आमिर खान तक नहीं पहुंच पाए हमलावर, टाइगर श्रॉफ को बनाया निशाना)
रश्मिका-विजय ने दिया करारा जवाब (pic credit-instagram)
रश्मिका मंदाना ने लिखा लंबा-चौड़ा पोस्ट
रश्मिका मंदाना ने अपने पोस्ट में लिखा, इंटरनेट पर मौजूद मेरे प्यारे लोगों, उन सभी लोगों के लिए जो दिल से प्यार करते हैं और उन लोगों के लिए भी, जो हमेशा नफरत करने का कोई न कोई कारण ढूंढते रहते हैं। मेरे और विज्जू को लेकर चल रहे इस पूरे मामले पर मैं अपनी बात रखना चाहती हूं। मैं आमतौर पर ऐसी बातों पर जवाब नहीं देती, क्योंकि हर किसी को अपनी राय रखने का हक है। कई बार मुझे दूसरों की राय सुनना और उनसे कुछ नया नजरिया समझना भी अच्छा लगता है। लेकिन हमारे इंटरव्यू को लेकर जिस तरह की बातें हो रही हैं, वह अब सिर्फ अलग राय रखने तक सीमित नहीं रह गई हैं। ऐसा लग रहा है, जैसे गुस्से में लोगों की भीड़ किसी पर अपना गुस्सा निकालने का मौका ढूंढ रही हो। इस पूरे मामले में असली बात कहीं पीछे छूट गई है। शायद कुछ लोगों को हमारी बात अपने नजरिए से सही नहीं लगी। शायद कुछ लोग इसे देखना ही नहीं चाहते। मैं यह पोस्ट इसलिए लिख रही हूं, क्योंकि मैं उन लोगों के साथ खड़ी होना चाहती हूं, जो प्यार में विश्वास रखते हैं। मैं चाहती हूं कि हर किसी को अपने लिए प्यार का सही रूप मिले।
रश्मिका ने आगे लिखा, ' हम दोनों के सोशल मीडिया अकाउंट पर बेवजह ढेरों राय, कमेंट और सलाह दी जा रही हैं। लोगों ने जिस भरोसे के साथ हमारे बारे में बातें कीं, उसे देखकर मैं थोड़ी हैरान रह गई। मैंने सोचा, आखिर यह सब क्या हो रहा है? इसलिए मैंने कुछ समय रुककर इस बारे में सोचा और अपनी जिंदगी को लेकर अपनी बात रखने का फैसला किया। सबसे पहले, यह कभी इस बात के बारे में नहीं था कि मैंने कितनी बार पूछा या पूरा एक साल लगा। कुछ लोग इसी बात पर अटक गए हैं। हां, हमारे बीच शादी को लेकर बातचीत हुई थी। लेकिन हम दोनों में से कोई भी बड़े और दिखावे वाले प्रपोजल की उम्मीद नहीं कर रहा था। हम दोनों चाहते थे कि हमें एक-दूसरे को समझने, सोचने और जिंदगी के उतार-चढ़ाव के बावजूद यह तय करने का समय मिले कि हम सच में साथ रहना चाहते हैं या नहीं। और हमने ऐसा ही किया। हमने एक-दूसरे को चुना।
रश्मिका ने बताया कि यह ठीक है कि मुझे पहले से पता था कि मुझे क्या चाहिए। और यह भी उतना ही ठीक है कि वह जिंदगी की जरूरी और व्यावहारिक बातों पर सोचने के लिए समय चाहते थे। इससे हमारे प्यार में कोई बदलाव नहीं आया। मैं दिल से सोचने वाली इंसान हूं और वह हर बात को सोच-समझकर फैसला लेने वाले इंसान हैं। हमें एक-दूसरे की जिंदगी में यही संतुलन चाहिए। हमारे लिए शादी कभी सिर्फ प्रपोजल, घुटनों पर बैठकर अंगूठी पहनाने या अंगूठी बदलने के बारे में नहीं थी। ये सब शादी का एक हिस्सा हो सकते हैं, लेकिन हमारे लिए असली बात साथ मिलकर जिंदगी और भविष्य बनाना था। मुझे लगता है कि हमने अब तक यह काम बहुत खूबसूरती से किया है। ऐसा इंसान ढूंढिए, जिसके लिए आप हर हद तक जाने को तैयार हों और जो आपके लिए भी ऐसा ही करे। और हां, मैं अपने पति के प्यार में पूरी तरह डूबी हुई हूं। इसमें बुरा क्या है? अगर मैं उस इंसान से प्यार ही नहीं करती, जिससे शादी कर रही हूं, तो फिर मैं उससे शादी क्यों करूंगी? वह जिंदगी भर मेरे साथी रहेंगे। आम दिनों से लेकर जिंदगी के खास पलों तक, वह मेरे दोस्त रहेंगे। वह मेरे बच्चों के पिता होंगे और वह इंसान होंगे, जिसके साथ मैं बूढ़ी होना चाहती हूं। ऐसा इंसान ढूंढिए, जो आपसे इतना प्यार करे कि शादी के बाद भी आप उससे दोबारा शादी करने की बात कहें। मैं ऐसा हजार बार करना चाहूंगी। मेरे लिए सौ बार भी कम हैं। बात बस इतनी-सी है। उन लोगों के लिए, जो अपनी ही बनाई कहानियों में पूरी तरह खो गए हैं। हम दोनों ने अपनी जिंदगी अपने तरीके से बनाई है। हमने अपने फैसले खुद लिए हैं और अपनी मेहनत से यहां तक पहुंचे हैं। हम समझदार और अपने फैसले लेने में सक्षम इंसान हैं। हमें यह आजादी मिली है कि हम तय कर सकें कि हमें अपनी जिंदगी कैसे जीनी है और किसके साथ इसे बांटना है और हमने एक-दूसरे को चुना है। हम जिंदगी के आखिरी पल तक बार-बार एक-दूसरे को चुनते रहेंगे। अगर हमारा प्यार आपकी इस सोच से मेल नहीं खाता कि प्यार कैसा दिखना चाहिए, तो कोई बात नहीं। आप अपनी जिंदगी में वैसी खूबसूरत कल्पना को पूरा कीजिए, जैसी आप चाहते हैं। मैं हर उस इंसान के लिए खुश रहूंगी, जिसे सच्चा प्यार मिलता है। हमें कम से कम एक-दूसरे के लिए इतनी इज्जत तो रखनी ही चाहिए। इसके अलावा भी रश्मिका मंदाना ने कई बातें कही हैं।
विजय देवरकोंडा ने कही ये बात
बता दें कि विजय देवरकोंडा ने भी अपने इंस्टा पर रश्मिका के साथ तस्वीरें शेयर कर लिखा, 'मेरी सबसे अच्छी दोस्त, मेरी पत्नी, मेरी जीवनसंगिनी। मेरी जिंदगी की सबसे खूबसूरत चीजों में से एक है उसे अपनी जिंदगी में पाना। इस मामले में मैंने बिल्कुल सही फैसला लिया है। जो लोग हमारी चिंता कर रहे हैं, उन्हें बता दूं कि हम दोनों बहुत खुश हैं। मैं खुद को खुशकिस्मत मानता हूं। अगर पूरी दुनिया के खिलाफ सिर्फ मैं और वह हैं, तो ऐसा ही सही। उन सभी लोगों को ढेर सारा प्यार, जो प्यार की कद्र करते हैं और खुशी से, सादगी के साथ जिंदगी जीने में विश्वास रखते हैं और बाकी सभी लोगों से, बिना किसी प्यार या सम्मान के कहना चाहता हूं कि वे भाड़ में जाएं।'
