Rajinikanth and Dhanush receive bomb threats: साउथ इंडस्ट्री के सुपरस्टार रजनीकांत और स्टार एक्टर धनुष को लेकर एक चौंका देने वाली खबर सामने आई है, जिससे उनके फैंस टेंशन में आ गए हैं। रजनीकांत और धनुष के घर को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। तमिलनाडु पुलिस के डीजीपी ऑफिस को एक ईमेल मिला, जिसमें ये जानकारी मिली कि चेन्नई के पोएस गार्डन में रजनीकांत और धनुष के घरों और किलपक्कम में तमिलनाडु कांग्रेस नेता सेल्वापेरुंथकई के घर पर बम लगाए गए हैं। इसके बाद पुलिस तुंरत एक्टिव हो गई। हालांकि इस बीच एक और खबर सामने आई है, जिसे जानकर रजनीकांत और धनुष के फैंस राहत की सांस ले पाएंगे।
pic credit- Rajinikanth/ Dhanush instagram
पुलिस ने लिया एक्शन
धमकी के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की और तीनों जगहों पर तलाशी अभियान शुरू किया। रजनीकांत के पोएस गार्डन स्थित घर की जांच टेनामपेट पुलिस स्टेशन की टीम और बॉम्ब स्क्वॉड ने की, लेकिन कोई संदिग्ध चीज नहीं मिली। धनुष के घर में भी इसी तरह की जांच की गई, जहां विस्फोटकों का कोई निशान नहीं मिला। वहीं कांग्रेस नेता के घर भी कुछ नहीं मिला। पुलिस ने बाद में सभी धमकियों को फेक बताया है। इससे पहले भी कई बार तमिलनाडु पुलिस को ऐसी फेक ईमेल्स मिले हैं। हाल ही में एक ईमेल में झूठा दावा किया गया था कि एक्ट्रेस तृषा के घर बम रखे गए हैं। फिलहाल पुलिस फर्जी अलर्ट भेजने वाले की तलाश कर रही है।
धनुष और रजनीकांत के बीच का रिश्ता
बताते चलें कि धनुष, रजनीकांत के दामाद थे, जिन्होंने साल 2004 को रजनीकांत की बेटी ऐश्वर्या से शादी की थी। उनके दो बेटे, यात्रा और लिंगा हैं। हालांकि साल 2022 में दोनों ने अलग होने की घोषणा की और नवंबर 2024 में चेन्नई फैमिली कोर्ट ने उनके तलाक को मंजूरी दे दी। धनुष और ऐश्वर्या की तलाक की खबर ने उनके फैंस का दिल तोड़ दिया था। जानकारी के लिए बता दें कि धनुष की अपकमिंग फिल्म 'तेरे इश्क में' इन दिनों चर्चा में है। इस मूवी में वो कृति सेनन के साथ दिखाई देंगे। फैंस इस मूवी को देखने के लिए बेताब हैं। ये फिल्म 28 नवंबर 2025 को बड़े पर्दे पर रिलीज होगी।
