Rana Daggubati: साउथ फिल्म इंडस्ट्री के जाने माने अभिनेता राणा दग्गुबाती ने हाल ही में जमकर इंडिगो एयरलाइन की आलोचना की है। इसकी वजह है कि फ्लाइट से उनका सामान कहीं गायब हो गया है। लाख कोशिशों के बावजूद उनका सामान मिल नहीं रहा। ऐसे में बाहुबली फेम एक्टर ने ट्वीट के जरिये एयरलाइन्स पर अपनी भड़ास निकाली है। इंडिगो की सेवाओं से खासा नाराज राणा दग्गुबाती का कहना है कि इंडिगो एयरलाइन की उड़ान के बारे में कोई जानकारी नहीं होती है। उनके गायब हुए सामान का भी एयरलाइंस पता नहीं लगा पाई है। यही नहीं इंडिगो के तमाम कर्मचारियों की भी एक्टर ने आलोचना करते हुए लिखा है कि इंडिगो के स्टाफ का भी कोई अता पता नहीं रहता है।
हालांकि एयरलाइन कंपनी की तरफ से एक्टर राणा दग्गुबाती को ट्वीट का जवाब भी मिला। एयरलाइन की ओर से असुविधा के लिए एक्टर से माफी मांगी गई है और आश्वासन दिया गया है कि उनके सामान का पता लगाया जा रहा है। बता दें कि ट्वीट करते हुए एक्टर ने लिखा है कि, "इंडिगो एयरलाइन का अनुभव भारत की सबसे खराब एयरलाइनों में से एक रहा है। न तो इसके उड़ान के समय का पता रहता है और ना ही स्टाफ का कोई सुराग। मेरे गायब हुए सामान का इन्हें कोई पता नहीं चला।"
पूजा हेगड़े के साथ हुआ था गलत व्यवहार
बता दें कि ये पहली बार नहीं है जब इंडिगो एयरलाइन की खराब सेवाओं के लिए आलोचना हो रही है। इससे पहले भी कई सेलेब्स इस एयरलाइन के खिलाफ अपनी आवाज उठा चुके हैं। इसी साल जून के महीने की बात है जब एक्ट्रेस पूजा हेगड़े ने इंडिगो के स्टाफ के गलत व्यवहार की शिकायत की थी। एक्ट्रेस ने कहा था कि इस एयरलाइन के अधिकारी घमंडी और बेवकूफ हैं, जिन्होंने बिना किसी वजह के उनके साथ धमकी भरे लहजे में बात किया था। हालांकि तब भी एयरलाइन की तरफ से पूजा हेगड़े से माफी मांगी गई थी।
DGCA की ओर से लग चुका है जुर्माना
इससे पहले मई की बात है, जब इंडिगो एयरलाइन ने विशेष आवश्यकता वाले एक लड़के को उड़ान भरने की अनुमति नहीं दी थी, जिसकी वजह से नागरिक उड्डयन महानिदेशालय ने एयरलाइन पर 5 लाख रुपए का जुर्माना लगाया था। इसकी वजह से भी इंडिगो एयरलाइन की बहुत आलोचना हुई थी।
जहां तक राणा दग्गुबाती के फिल्मी करियर की बात है तो हाल ही में इंडस्ट्री में उनके 12 साल पूरे हुए हैं। जल्द ही वो 'द जर्नी ऑफ इंडिया' की डॉक्यूमेंट्री-सीरीज के दूसरे एपिसोड में नजर आने वाले हैं। इसके अलावा वो 2 फिल्मों पर भी काम कर रहे हैं। साउथ फिल्मों के अलावा राणा बॉलीवुड की कई फिल्मों में भी नजर आ चुके हैं।
