Ankit Balyan shot dead: हरियाणा के सिंगर अंकित बालियान (Ankit Balyan) की बुधवार शाम उत्तर प्रदेश के शामली में गोली मारकर हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि बदमाशों ने उन पर करीब 20 राउंड फायरिंग की, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। घटना शाम करीब पौने सात बजे हुई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और मामले की जांच शुरू कर दी। अंकित बालियान शामली जिले के गांव बंतीखेड़ा के रहने वाले थे और हरियाणवी म्यूजिक इंडस्ट्री में अपनी पहचान बना चुके थे। उन्होंने मशहूर हरियाणवी सिंगर मासूम शर्मा के साथ भी काम किया था। अब तमाम लोग अंकित को सोशल मीडिया पर श्रद्धांजलि दे रहे हैं। (Times Now Navbharat पर ये भी पढ़ें-'फिर से धुरंधर देख रहा हूं...' Toxic के धमाके के बीच Ram Gopal Varma ने कह दी बड़ी बात)
अंकित बालियान की गोली मारकर हत्या (pic credit- instagram)
काफी पॉपुलर थे अंकित बालियान
अंकित बालियान हरियाणवी की पॉपुलैरिटी अच्छी खासी थी वह सोशल मीडिया पर छाए रहते थे। उनके गानों को लोग खूब प्यार देते थे। उनके सॉन्ग 'भरी कोर्ट में गोली मारेंगे मेरी जान' ने उन्हें काफी पहचान दिलाई थी। बताया जा रहा है कि अंकित बालियान राजनीति में भी कदम रखने की तैयारी कर रहे थे और जिला परिषद चुनाव लड़ने की चर्चा थी। इसी बीच उनकी हत्या की घटना ने पूरे शामली में सनसनी फैला दी। उनकी मौत की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में उनके चाहने वाले भी जुट गए। हालांकि, हत्या के पीछे की वजह अभी तक सामने नहीं आई है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही मामले में कुछ स्पष्ट हो सकेगा।
बताते चलें कि अंकित बालियान ने अपने करियर में कई बड़े हरियाणवी कलाकारों के साथ काम किया था। इस लिस्ट में मशहूर सिंगर मासूम शर्मा, रानू पंजाबी, अंजलि राघव और आशू ट्विंकल जैसे नाम शामिल हैं। अंकित ने अपने गानों और प्रोजेक्ट्स के जरिए हरियाणवी म्यूजिक इंडस्ट्री में अलग पहचान बनाई थी। अब उनके फैंस चाहते है कि जिसने भी उनकी हत्या की है उसको कड़ी से कड़ी सजा मिलें।
