बॉलीवुड स्टार शाहरुख खान की पत्नी गौरी खान का रेस्तरां तोरी कुछ दिनों पहले फेक पनीर विवाद में फंस गया था। सार्थक सचदेवा नाम के एक कंटेंट क्रिएटर ने कुछ समय पहले एक सोशल एक्सपेरिमेंट किया था, जिसके दौरान उन्होंने कई बड़े रेस्तरां में जाकर पनीर की क्वालिटी का चेकअप किया था। इस वीडियो में सार्थक ने बताया था कि गौरी के रेस्तरां में जो पनीर मिलता है, उसकी शुद्धता सवालों के घेरे में है। सार्थक की वीडियो के बाद इंटरनेट पर बवाल मच गया और सभी ने गौरी पर सवाल दागना शुरू कर दिया। गौरी की तरफ से इस विवाद पर जवाब आया, जिसके बाद मामला शांत हुआ।
तोरी फेक पनीर विवाद के बाद माना जा रहा था कि गौरी खान के रेस्तरां की इमेज पर असर पड़ेगा और उसके कस्टमर घटेंगे। हालांकि इसका उल्टा होता दिखाई दे रहा है। तोरी के हेड शेफ ने फेक पनीर विवाद पर चुप्पी तोड़ी है और बताया है कि उससे उनके रेस्तरां के कस्टमर्स पर कोई भी प्रभाव नहीं पड़ा है।
तोरी के हेड शेफ ने इंडियन एक्सप्रेस से खास बात करते हुए बताया है, 'जब आप पर बिना सबूत के सवाल खड़े किए जाते हैं तो थोड़ा बुरा जरूर लगता है। हम अपने रेस्तरां में जो भी डिशेज सर्व करते हैं उनकी क्वालिटी पर सवाल खड़ा ही नहीं किया जा सकता है। हमें क्वालिटी को लेकर कोई चिंता नहीं है क्योंकि हम शुद्ध खाना प्रोवाइड करते हैं।'
'हम कई सारी स्पेशल डिशेज बनाते हैं, जिनमें कई सारी चीजें डालनी पड़ती हैं। अच्छा खाना सर्व करना इतना आसान नहीं होता है। जब सार्थक ने वीडियो बनाया था तो हमने उनसे बात की और समझाने की कोशिश की कि वो कहां गलती कर रहे हैं। फाइनली उन्होंने वो पोस्ट हटाया। हमें उम्मीद है कि पब्लिक इस मसले को ठीक तरह से देखेगी और खुद फैसला लेगी कि हम सही हैं या नहीं।' तोरी के हेड शेफ ने बताया है कि विवाद के बाद उनके कस्टमर लगातार बढ़ रहे हैं क्योंकि लोगों को उन पर भरोसा है।
