Shahid on Jersey Flop: फिल्म कबीर सिंह की बम्पर सफलता के बाद शाहिद कपूर ने एक और सुपरहिट साउथ फिल्म जर्सी का रीमेक करने का फैसला लिया था। शाहिद कपूर और ट्रेड एक्सपर्ट्स को लग रहा था कि कबीर सिंह की तरह ही जर्सी भी सिनेमाघरों में हिट साबित होगी लेकिन तभी कोरोना वायरस महामारी ने दुनिया को हिलाकर रख दिया। कोरोना वायरस महामारी की वजह से फिल्म जर्सी की रिलीज डेट में 4 बार बदलाव हुआ और अंत में जब यह रिलीज हुई तो यह फ्लॉप साबित हुई। दर्शक जर्सी को देखने के लिए सिनेमाघर नहीं गए, जिसके कारण शाहिद कपूर का दिल टूट गया।
Jersey फ्लॉप होने के बाद दुखी हो गए थे Shahid Kapoor, बोले 'मेरा दिल टूट गया...'
शाहिद कपूर ने जर्सी रिलीज के लगभग एक साल बाद मीडिया से इसके बारे में बात की है। शाहिद कपूर ने कहा है कि जर्सी फ्लॉप होने की वजह से उनका दिल टूट गया था। शाहिद कपूर के अनुसार, 'जर्सी जब नहीं चली तो मेरा दिल टूट गया। ये बहुत ही खूबसूरत फिल्म थी। मुझे ऐसा लगता है कि यूनिवर्स हमारे साथ नहीं था। फिल्म के गाने आ चुके थे और इसकी रिलीज डेट 4 बार बदली गई। फिल्में फास्ट फूड की तरह हैं। अगर उनका जायका सही वक्त पर न उठाया जाए तो स्वाद चला जाता है। कोरोना वायरस जैसी स्थिति हमने पहले कभी नहीं देखी थी। हमें पता नहीं था कि चीजें कैसे मैनेज करनी है। इसका फिल्म पर बुरा प्रभाव पड़ा और ये फ्लॉप रही।'
'मुझे ऐसा लगता है कि हम फिल्म के साथ ठीक से न्याय भी नहीं कर पाए। हम सोचते तो कुछ सही फैसले ले सकते थे। लगता है कि चीजें हमारे हक में नहीं जाने के लिए हुई थीं। कभी कभी ऐसा होता है कि हम चीजें कंट्रोल भी करना चाहें लेकिन फिर भी वो ठीक नहीं होती हैं।'
