Salman Khan on death threats: बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान (Salman Khan) इन दिनों अपनी नई फिल्म सिकंदर (Sikandar) के प्रमोशन में व्यस्त हैं, जो इस ईद सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। इस फिल्म के प्रमोशन के दौरान सलमान खान ने कई मुद्दों पर बेबाकी से बात की है और कई बड़े खुलासे किए हैं। सलमान खान को काफी लम्बे वक्त से लॉरेंस बिश्नोई (Lawrence bishnoi) गैंग से धमकियां मिल रही हैं और एक दफा तो उनके घर पर गोलियों से हमला भी हुआ है। सलमान खान ने सिकंदर के प्रमोशन के दौरान इस पर बात की और भगवान पर भरोसा जताया कि वो उनकी रक्षा करेंगे। सलमान खान ने कहा है कि भगवान ने उनके हिस्से में जितनी सांसे लिखी हैं, वो उनसे कोई नहीं छीन सकता है।
सलमान खान ने टाइम्स नाउ नवभारत के संवाददाता अतुल सिंह के साथ बात करते हुए कहा है, 'ऊपर अल्लाह है... उसने जितनी उम्र लिखकर भेजा है, हमें उतनी तो जीनी ही है। उससे ज्यादा तो कोई भी नहीं जी पाता है। हां कभी-कभी ऐसा लगता है कि इतने लोग लेकर चलने में दिक्कत हो रही है। बस यही प्रॉब्लम है, बाकी सब तो ठीक है।'
सलमान खान के घर पर कुछ दिनों पहले लॉरेंस बिश्नोई गैंग के लोगों ने बंदूक से हमला किया था। इस हमले में घर के किसी भी सदस्य को चोट नहीं आई थी लेकिन भाईजान का परिवार इसके बाद थोड़ा ज्यादा सतर्क हो गया है। सलमान खान ने इस हमले के बाद घर की बालकनी में बुलेटप्रूफ शीशा लगवाया है ताकि आगे कभी भी ऐसा होता है तो जान या माल की हानि न हो। अगर बात सलमान खान की अपकमिंग फिल्म सिकंदर की करें तो उसमें वो रश्मिका मंदाना के साथ स्क्रीन शेयर करते दिखेंगे। सिकंदर का डायरेक्शन एआर मुर्गडॉस ने किया है, जो बॉलीवुड को गजनी और हॉलीडे जैसी हिट फिल्में दे चुके हैं।
