Riddhima joins Kapil-Neetu Movie: बॉलीवुड फिल्म इंडस्ट्री में कपूर खानदान पिछले 100 सालों से एक्टिव है और दर्शकों का मनोरंजन कर रहा है। कपूर खानदान के बारे में एक समय से बात काफी फेमस थी कि वो अपनी लड़कियों को फिल्मों में काम नहीं करने देता है। करीना-करिश्मा ने इस सिलसिले को तोड़ा और सफल हीरोइनों के रूप में नाम कमाया। भले ही रणधीर कपूर ने अपनी बेटियों को फिल्मों में काम करने दिया हो लेकिन ऋषि कपूर ने कभी भी अपनी बेटी रिद्धिमा कपूर को फिल्मों में काम करने की इजाजत नहीं दी। जब तक ऋषि कपूर जिंदा रहे, तब तक रिद्धिमा फिल्मों से दूर ही रहीं लेकिन अब वो एक्टिंग की दुनिया में नाम कमाने के लिए कमर कस रही हैं।
पिंकविला की ताजा खबर की मानें तो रिद्धिमा कपूर टीवी के बेताज बादशाह कपिल शर्मा की अगली कॉमेडी फिल्म में नजर आएंगी। इस फिल्म में रिद्धिमा और कपिल के साथ-साथ नीतू कपूर भी अहम भूमिका में दिखाई देंगी। फिल्म से जुड़े सूत्र ने पोर्टल को जानकारी दी है, 'कपिल शर्मा की अगली फिल्म का निर्देशन आशीष आर मोहन करेंगे, जिन्होंने अक्षय कुमार के साथ खिलाड़ी 786 बनाई थी। कपिल की ये फिल्म कॉमेडी जॉनर की होगी, जिसकी शूटिंग चंडीगढ़ में मई से शुरू हो जाएगी।'
रिपोर्ट के अनुसार, कपिल शर्मा की इस नई फिल्म का नाम अभी तक फाइनल नहीं किया गया है। मेकर्स इसे जल्द ही एक शानदार टाइटल देंगे। सूत्र ने अपनी बात आगे बढ़ाते हुए कहा है, 'आशीष आर मोहन द्वारा बनाई जा रही इस फिल्म से रिद्धिमा कपूर बॉलीवुड में डेब्यू करेंगी। रिद्धिमा बॉलीवुड की दुनिया में एंट्री मारने के लिए काफी एक्साइटेड हैं। फिल्म में नीतू कपूर का भी अहम किरदार होगा।'
