Sadhguru defends Ranbir Kapoor: मशहूर डायरेक्टर नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही 'रामायण' फ्रेंचाइजी का सभी दर्शकों को बड़ी बेताबी से इंतजार है। इस मूवी में भगवान राम की भूमिका के लिए नितेश तिवारी ने बॉलीवुड एक्टर रणबीर कपूर को कास्ट किया है। इस मूवी के टीजर कुछ दिनों पहले रिलीज किया गया था, जिसमें रणबीर कपूर की एक झलक देखने को मिली थी। हालांकि जब लोगों को यह पता चला कि रणबीर कपूर इस मूवी में भगवान राम की भूमिका निभा रहे हैं तो चर्चाएं शुरू हो गई थीं। कई लोगों ने रणबीर कपूर की आलोचना की तो कईयों ने अभिनेता का समर्थन भी किया। ऐसे में अब सद्गुरु ने भी रणबीर कपूर द्वारा निभाए जाने वाले भगवान राम के किरदार पर अपना रिएक्शन दिया है।
रणबीर कपूर के समर्थन में आए सद्गुरु
नमित मल्होत्रा से बात करते हुए सद्गुरु ने उन चीजों पर रिएक्शन दिया, जब इस फ्रेंचाइजी में भगवान राम की भूमिका निभाने के लिए रणबीर कपूर को ट्रोल और आलोचनाओं का सामना करना पड़ा। नामित मल्होत्रा ने कहा, 'लोग बीती बातों को निकालकर यह पूछ रहे है कि रणबीर कपूर फिल्म 'रामायण' में भगवान राम की भूमिका कैसे अदा कर सकते हैं।' इन बातों का सद्गुरु ने जवाब दिया, 'यह किसी भी एक्टर के प्रति गलत सोच है क्योंकि उन्होंने अपने अतीत में कुछ ना कुछ किरदार निभाए हैं। आप उनसे राम बनने की उम्मीद नहीं कर सकते। क्या पता कल किसी और फिल्म में वो रावण का भी किरदार निभा सकते हैं।'
हालांकि इस दौरान सद्गुरु ने साउथ सुपरस्टार यश को 'हैंडसम मैन' बताया। बताते चलें फिल्म 'रामायण' में यश को लंकापति रावण के रोल में देखा जाएगा। फिल्म में एक तरफ भगवान राम की भूमिका रणबीर कपूर निभा रहे हैं। वहीं दूसरी ओर माता सीता के किरदार के लिए मेकर्स ने साउथ एक्ट्रेस साई पल्लवी को चुना है। फिल्म में रवि दुबे को लक्ष्मण की भूमिका में देखा जाएगा और सनी देओल रामभक्त हनुमान के रोल में नजर आएंगे। 'रामायण' मूवी का पहला पार्ट अगले साल दिवाली के खास मौके पर रिलीज होगा।
