Rajkummar Rao on Stree 2 Controversy: दिनेश विजान के बैनर में बनी स्त्री 2 ने साल 2024 में बॉक्स ऑफिस हिलाकर रख दिया था। इस फिल्म के आंकड़े देखने के बाद ट्रेड पंडितों ने इसे ब्लॉकबस्टर का खिताब दिया था। फिल्म स्त्री 2 के सफल होने के बाद से ही मीडिया में ऐसी खबरें सामने आने लगी थीं कि राजकुमार राव और श्रद्धा कपूर के बीच इसके क्रेडिट को लेकर वॉर छिड़ गई है। राजकुमार राव चाहते थे कि उन्हें स्त्री 2 की सफलता का क्रेडिट मिले और श्रद्धा कपूर चाहती थीं कि उन्हें फिल्म की सफलता के लिए जिम्मेदार माना जाए। हालांकि लोगों ने स्त्री 2 की सफलता के लिए डायरेक्टर को जिम्मेदार ठहराया और उनकी तारीफ की।
फिल्म स्त्री 2 के सिनेमाघरों से उतर जाने के बाद से ही ऐसे कयास लगाए जाने लगे थे कि राजकुमार राव और श्रद्धा कपूर के बीच चीजें सामान्य नहीं हैं और ये दोनों भविष्य में कभी भी एक साथ काम नहीं करेंगे। एक्टर राजकुमार राव ने इस बारे में मीडिया से बात की है और कहा है कि उन्हें श्रद्धा कपूर के साथ काम करने में कोई दिक्कत नहीं है। अगर ऐसी कोई कहानी आएगी, जो दोनों को पसंद आती है तो वो साथ में काम जरूर करेंगे।
राजकुमार राव के अनुसार, 'अगर ऐसी कोई कहानी होती है जहां हम दोनों की जरूरत होगी तो हम दोनों जरूर साथ में काम करेंगे। अगर किरदार अच्छे हैं और कहानी दमदार है तो साथ में काम करने में क्या दिक्कत है?' एक्टर राजकुमार राव इन दिनों अपनी नई फिल्म भूल चूक माफ के सिलसिले में मीडिया से बात कर रहे हैं, जो जल्द ही दर्शकों को गुदगुदाने के लिए सिनेमाघरों में कदम रखेगी।
