Jaya calls Toilet Ek Prem Katha Flop: बॉलीवुड फिल्म इंडस्ट्री की जानी-मानी अदाकारा जया बच्चन (Jaya Bachchan) ने एक बार फिर से विवादित बयान देकर लोगों को चौंका दिया है। जया बच्चन इंडिया टुडे की शी कॉन्क्लेव में पहुंची थीं, जहां उन्होंने इंडस्ट्री द्वारा बनाई जा रही फिल्मों पर अपनी राय रखी और अक्षय कुमार (Akshay Kumar) की फिल्म टॉयलेट एक प्रेम कथा (Toilet Ek Prem Katha) को फ्लॉप कह डाला। जया ने कहा कि टॉयलेट एक प्रेम कथा क्या नाम होता है, लोग इन नाम की फिल्म कैसे देख सकते हैं।
जया बच्चन ने 'टॉयलेट एक प्रेम कथा' को बताया "फ्लॉप"
जया बच्चन ने इंडिया टुडे शी कॉन्क्लेव में फिल्मों के कंटेंट और नामों पर बात करते हुए कहा, 'अभी आप नाम भी देखिए तो मैं ऐसी फिल्में कभी न देखूं। टॉयलेट एक प्रेम कथा... ये क्या नाम है? ये कोई टाइटल होता है? प्लीज बताइए कि आप लोगों में से कितने लोग इस तरह के टाइटल वाली फिल्म देखने के लिए जाएंगे? ये एक फ्लॉप फिल्म है।'
जया बच्चन के इस बयान पर अक्षय कुमार के फैंस भड़क उठे हैं और उन्हें खरी-खोटी सुना रहे हैं। अक्षय कुमार के फैंस का कहना है कि अगर कोई अभिनेता सोशल इश्यू पर अच्छी फिल्म बनाना चाहता है तो इसमें गलत क्या है? एक व्यक्ति ने ट्वीट में लिखा है, 'अच्छे विषय पर बनी फिल्म का नाम कुछ भी हो, उसमें क्या गलत है? क्या अच्छे विषय उठाना गलत है?' तो वहीं दूसरे ने लिखा है, 'टॉयलेट एक प्रेम कथा में क्या गलत है? फिल्म के मुताबिक नाम एकदम सही है।' वैसे आपका जया बच्चन के बयान के बारे में क्या सोचना है, हमें कमेंट में जरूर बताएं।
