Drishyam 2 Box Office Collection Prediction Day 1: बॉलीवुड इंडस्ट्री के लोकप्रिय अभिनेता अजय देवगन (Ajay Devgn) की नई फिल्म 'दृश्यम 2' (Drishyam 2) 18 नवंबर के दिन सिनेमाघरों में रिलीज हो गई हैं। इस फिल्म को देखने के लिए दर्शकों ने काफी लंबा इंतजार किया है। 'रनवे 34' और 'थैंक गॉड' की असफलता के बाद अजय देवगन सहित फिल्म के निर्माताओं को 'दृश्यम 2' से काफी उम्मीद है। फिल्म की एडवांस बुकिंग को देखने के बाद ट्रेड रिपोर्ट्स में बताया गया है कि ये ओपनिंग डे पर आमिर खान की 'लाल सिंह चड्ढा' और अक्षय कुमार की 'रक्षाबंधन' का रिकॉर्ड तोड़ सकती है।
ओपनिंग डे पर इतने करोड़ कमाएगी 'दृश्यम 2'
अजय देवगन की 'दृश्यम 2' को लगभग 3300 स्क्रीन्स पर रिलीज किया गया है। शुरुआती प्रेडिक्शन के अनुसार 'दृश्यम 2' ओपनिंग डे पर 10 करोड़ से ज्यादा की कमाई कर सकती है। फिल्म की पहले दिन की कमाई का अनुमान इसकी एडवांस बुकिंग को देखने के बाद लगाया गया है। एडवांस बुकिंग के मामले में 'दृश्यम 2' ने कार्तिक आर्यन की 'भूल भुलैया 2', आमिर खान की 'लाल सिंह चड्ढा', सैफ अली खान और ऋतिक रोशन की 'विक्रम वेधा', वरुण धवन की 'जुग जुग जियो', आलिया भट्ट की 'गंगूबाई काठियावाड़ी', रणबीर कपूर की 'शमशेर' और अक्षय कुमार की 'सम्राट पृथ्वीराज' और 'राम सेतु' को पीछे छोड़ दिया है। हालांकि 'दृश्यम 2' रणबीर कपूर और आलिया भट्ट की 'ब्रह्मास्त्र' के एडवांस बुकिंग के रिकॉर्ड को नहीं तोड़ पाई है। बता दें इस फिल्म की अब तक 1 लाख 12 हजार से ज्यादा टिकिट्स बिक चुकी हैं।
'दृश्यम 2' का निर्देशन अभिषेक पाठक ने किया है। ये फिल्म 'दृश्यम' का दूसरा पार्ट है, जो लगभग 7 सालों के बाद रिलीज हुई है। फिल्म में अजय देवगन के अलावा अक्षय खन्ना, इशिता दत्ता, मृणाल जाधव, निशिकांत कामत, श्रिया सरन और तब्बू भी अहम भूमिकाओं में हैं। फिल्म का पहला पार्ट बॉक्स ऑफिस पर सुपरहिट साबित हुआ था। वहीं अब निर्माताओं को 'दृश्यम 2' के पहले दिन के कलेक्शन का इंतजार है।
