Celina Jaitly on Husband Peter Haag: बॉलीवुड इंडस्ट्री की फेमस एक्ट्रेस सेलिना जेटली को लेकर 25 नवंबर के दिन एक बेहद चौंका देने वाली खबर सामने आई। बताया जा रहा है कि सेलिना जेटली ने अपने पति पीटर हाग के खिलाफ घरेलू हिंसा का आरोप लगाते हुए केस फाइल किया है। सेलिना जेटली ने मुंबई में डोमैस्टिक वायलेंस एक्ट के प्रोविजन के तहत मामला दर्ज कराया है। कोर्ट में इस मामले की सुनवाई 12 दिसंबर को होनी है।
Pic Credit: Instagram
कोर्ट में फाइल की गई कंप्लेंट
सेलिना जेटली की वकील निहारिका करंजवाला ने एक न्यूज एजेंसी से बात करते हुए बताया कि कंप्लेंट सालों से चल रही है। उन्होंने कहा, 'यह बात सच है कि हमने घरेलू हिंसा अधिनियम के तहत क्रूरता और घरेलू हिंसा, शारीरिक और भावनात्मक दोनों के लिए शिकायत दर्ज की है, जो मिस जेटली और मिस्टर पीटर हाग के विवाह के दौरान कई सालों तक चली।'
कई तरह की रखी गई हैं मांगें
दायर की गई याचिका में कई तरह की राहत की मांग की गई है। निहारिका करंजवाला ने कहा, 'सेलिना को दिए जाने वाले मुआवजे, गुजारा भत्ते और उनके बच्चों के संबंध में हमने कई रिक्वेस्ट की हैं।' उन्होंने बताया कि सेलिना जेटली की चिंता इस समय उनके बच्चों को लेकर है, जो इस समय ऑस्ट्रिया में उनके पति पीटर हाग के साथ हैं।
100 करोड़ रुपये देना होगा मुआवजा
कोर्ट में दाखिल किए गए डाक्यूमेंट्स एक मुताबिक सेलिना जेटली ने 10 लाख रुपये मासिक गुजारा भत्ता मांगा है। उन्होंने अपनी इनकम को लेकर हुए नुकसान के लिए 50 करोड़ रुपये की भी मांग की। करंजवाला ने बताया कि यह अमाउंट तब का है, जब सेलिना को कथित तौर पर "अपने करियर के पीक" में काम छोड़ने के लिए मजबूर किया गया था। दर्द और पीड़ा के लिए उन्होंने अलग से 50 करोड़ रुपये की और डिमांड की है।
