Bhuvan Bam All Set To Debut With Karan Johar Movie: मशहूर यू-ट्यूबर भुवन बाम ने अपने फैंस का मनोरंजन करने में कोई कसर नहीं छोड़ी है। भुवन बाम ने कई वेब शो में तो हाथ आजमाया ही है। वहीं अब भुवन बाम बॉलीवुड में भी एंट्री करने के लिए तैयार हैं। खास बात तो यह है कि भुवन बाम, करण जौहर की मूवी के साथ बॉलीवुड में डेब्यू करने वाले हैं। इस बात की जानकारी खुद भुवन बाम ने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर करके दी है। भुवन बाम ने इंस्टाग्राम एकाउंट पर कुछ लीगल पेपर्स की झलक साझा की, जो कि धर्मा प्रोडक्शन्स से जुड़े हुए थे। भुवन बाम (Bhuvan Bam) ने पोस्ट को साझा करते हुए फैंस को भी सपने देखने की सलाह दी। उनकी पोस्ट वायरल होते ही फैंस ने उन्हें जमकर बधाइयां दीं।
फोटो क्रेडिट- भुवन बाम, करण जौहर इंस्टाग्राम
भुवन बाम (Bhuvan Bam) ने लीगल पेपर की तस्वीर साझा की, जो कि आर्टिस्ट एग्रीमेंट था। इसके कैप्शन में उन्होंने लिखा, "सपने देखो दोस्तों, पूरे हो जाते हैं।" भुवन बाम की इस पोस्ट को देख अभिषेक कुमार, मुनव्वर फारूकी, करणवीर शर्मा और खुद करण जौहर सहित कई सितारों ने कमेंट्स कर बधाइयां दीं। एक यूजर ने भुवन बाम की पोस्ट पर लिखा, "हे भगवान, क्या उपलब्धि है।" दूसरे यूजर ने लिखा, "मुबारक हो।" वहीं तीसरे यूजर ने सवाल करते हुए लिखा, "प्रेम कहानी या फिर एक्शन मूवी?" चौथे यूजर ने लिखा, "ये जीत बिल्कुल अपनी लग रही है।"
खबरों की मानें तो भुवन बाम (Bhuvan Bam) बॉलीवुड की मशहूर एक्ट्रेस वामिका गाबी के साथ 'कुकु की कुंडली' में नजर आ सकते हैं। ये एक रोमांटिक कॉमेडी फिल्म होने वाली है, जिसमें शरण शर्मा मुख्य भूमिका अदा करते दिखाई देंगे। हालांकि इस बात पर आधिकारिक रूप से मुहर लगनी अभी बाकी है। बता दें कि खुद करण जौहर ने सितंबर में एक इंटरव्यू के दौरान ये बता दिया था कि भुवन बाम उनकी फिल्म से बॉलीवुड में डेब्यू करने वाले हैं। हालांकि बाद में उन्होंने इस सीक्रेट से ध्यान हटाने की कोशिश की थी। वहीं भुवन बाम की बात करें तो उन्होंने 'बीबी की वाइन्स' से अपने यू-ट्यूब करियर की शुरुआत की थी। इसमें वह अलग-अलग किरदार निभाकर दर्शकों का खूब मनोरंजन करते थे।
