बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन (Amitabh Bachchan) की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर चिंता बढ़ गई है। एक्टर के मुंबई स्थित घर 'जलसा' को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। हैरानी की बात यह है कि इस बार धमकी भरा ईमेल सिर्फ अमिताभ बच्चन के घर तक सीमित नहीं था, बल्कि इसमें बॉम्बे हाईकोर्ट और महालक्ष्मी रेसकोर्स का भी नाम शामिल था। सूचना मिलते ही पुलिस ने तीनों जगहों पर तलाशी अभियान चलाया। हालांकि, राहत की बात यह रही कि जांच के दौरान कहीं भी कोई संदिग्ध चीज नहीं मिली। (Times Now Navbharat पर ये भी पढ़ें-सरकारी दबाव के चलते बदली 'मातृभूमि' की रिलीज डेट? Salman Khan ने बताई सच्चाई)
अमिताभ बच्चन के घर पर मंडराया खतरा! (pic credit-instagram)
ईमेल में इन तीन जगहों को बनाया गया निशाना
पुलिस के मुताबिक, शुक्रवार को मिले इस ईमेल में मुंबई के जुहू स्थित अमिताभ बच्चन के घर जलसा में बम धमाके की धमकी दी गई थी। इसके अलावा बॉम्बे हाईकोर्ट और महालक्ष्मी रेसकोर्स को भी निशाना बनाने की बात कही गई थी। पुलिस ने तीनों स्थानों की जांच की, लेकिन कोई विस्फोटक या संदिग्ध सामान बरामद नहीं हुआ। फिलहाल अधिकारी ईमेल की सच्चाई पता लगाने, इसे भेजने वाले की पहचान करने और इसके पीछे की वजह जानने में जुटे हैं। यह पहली बार नहीं है जब अमिताभ बच्चन को इस तरह की धमकी मिली हो। इससे पहले 23 अक्टूबर को भी उन्हें एक धमकी भरा ईमेल भेजा गया था। उस संदेश में 31 अक्टूबर को एक स्कूल पर ग्रेनेड हमले और अमिताभ के घर को 31 अक्टूबर से 27 नवंबर के बीच निशाना बनाने की बात कही गई थी। ईमेल में खालिस्तान का भी जिक्र था। साथ ही 27 नवंबर को महालक्ष्मी रेसकोर्स में होने वाले दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट पर हमले की धमकी दी गई थी।
बुलेटप्रूफ सुरक्षा के पीछे नजर आए थे बिग बी
पहली धमकी के बाद अमिताभ बच्चन की सुरक्षा बढ़ा दी गई थी। हर रविवार की तरह जब वह अपने घर के बाहर जमा होने वाले प्रशंसकों का अभिवादन करने पहुंचे, तो इस बार उनका अंदाज बदला हुआ था। अभिनेता बुलेटप्रूफ पारदर्शी सुरक्षा कवच के पीछे खड़े होकर फैंस का अभिवादन करते नजर आए। इस दौरान उनके बेटे अभिषेक बच्चन और सुरक्षाकर्मी भी वहां मौजूद थे। अब ताजा धमकी के बाद पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।
