Nargis Fakhri-Aayush Sharma in Ragini 3: मशहूर निर्माता-निर्देशक एकता कपूर की सुपरनैचुरल थ्रिलर 'रागिनी 3' (Ragini 3) लंबे समय से सुर्खियों में बनी हुई है। कई रिपोर्ट्स में यह दावा किया गया था कि इस मूवी में तमन्ना भाटिया को कास्ट किया गया था। कहा जा रहा था कि तमन्ना भाटिया (Tamannaah Bhatia) की जोड़ी सलमान खान के जीजा आयुष शर्मा संग बनने जा रही है। अब जो बड़ी जानकारी सामने आई है उसके मुताबिक 'रागिनी' फ्रेंचाइजी की इस नई कड़ी से तमन्ना भाटिया का पत्ता साफ हो गया है। उनकी जगह अब आयुष शर्मा (Aayush Sharma) की इस मूवी में नरगिस फाखरी (Nargis Fakhri) अहम रोल में दिखाई देंगी।
नरगिस फाखरी-आयुष शर्मा (Pic Credit: Instagram)
'रागिनी 3' में दिखाई देंगी नरगिस फाखरी
हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक तमन्ना भाटिया फिल्म 'रागिनी 3' का हिस्सा नहीं हैं। इस मूवी में तमन्ना भाटिया की जगह निर्माताओं ने नरगिस फाखरी को फाइनल कर लिया है। यह पहली बार होगा जब आयुष शर्मा और नरगिस फाखरी को ऑनस्क्रीन रोमांस करते हुए देखा जाएगा। पोर्टल के मुताबिक मेकर्स कथित तौर पर दर्शकों के लिए एक "डेट नाइट हॉरर" एक्सपीरियंस लाने की तैयारी में हैं। फिल्म के निर्देशन की कमान संभालने के लिए शशांक घोष को चुना गया है।
2027 में रिलीज होगी 'रागिनी 3'
'रागिनी 3' का निर्देशन करने से पहले शशांक घोष को 'खूबसूरत' (2014) और 'वीरे दी वेडिंग' (2018) को डायरेक्ट करने के लिए जाना जाता है। 'रागिनी 3' की शूटिंग जुलाई से शुरू कर दी जाएगी। मेकर्स ने इसे 2027 में रिलीज करने की प्लानिंग की है। 'रागिनी एमएमएस' फ्रेंचाइजी की शुरुआत 2011 में हुई थी, जिसमें राजकुमार राव और कैनाज मोतीवाला ने अहम रोल अदा किया था। इसके बाद 2014 में 'रागिनी MMS 2' आई, जिसमें सनी लियोनी पर फिल्माया गया गाना 'बेबी डॉल' काफी चर्चा में रहा था।
