Filmfare Awards 2025: आज यानी 28 अगस्त को 70वें फिल्मफेयर अवार्ड्स के लिए टाइम्स ग्रुप और गुजरात सरकार के बीच एमओयू साइन किया गया। भारतीय सिनेमा के सबसे पुराने अवॉर्ड फिल्मफेयर का आयोजन पिछले साल की तरह इस साल भी गुजरात में ही होगा। इस बड़े दिन के लिए टाइम्स ग्रुप के एमडी विनीत जैन, गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्रभाई पटेल और बॉलीवुड के दो जाने माने नाम विक्रांत मैसी और करण जौहर एक साथ मंच पर नजर आए। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान करण जौहर ने अपने पहले फिल्मफेयर अवॉर्ड की यादें भी ताजा कीं और पिता द्वारा दी गई सलाह लोगों के साथ शेयर की।
Image Source: Times Now
बॉलीवुड फिल्म डायरेक्टर करण जौहर (Karan Johar) ने मंच पर कहा, 'मुझे याद है कि पहला फिल्मफेयर पुरस्कार जीतना मेरे लिए क्या मायने रखता था। एक फिल्म निर्माता और फिल्म जगत के एक सदस्य के रूप में फिल्मफेयर केवल एक पहचान नहीं है, यह पुरस्कार से बढ़कर है। मुझे पहला पुरस्कार फिल्म 'कुछ कुछ होता है' के लिए मिला था। मैं बहुत ज्यादा घबराया हुआ था और सिर्फ यही नहीं मैं अपने पिता यश जौहर संग बैठा था। पापा ने मुझे देखा और कहा कि बेटा तुम 11 बार गायत्री मंत्र याद कर लो क्योंकि तुम ये अवॉर्ड जीत सकते हो। वो पल मेरे लिए जिंदगी का सबसे खूबसूरत पल था।'
करण ने आगे बताया, 'पिछले साल मुझे गुजरात में 69वें फिल्मफेयर पुरस्कार समारोह की होस्ट करने का सम्मान और सौभाग्य प्राप्त हुआ था। मैं इस माननीय पैनल को धन्यवाद देना चाहता हूं कि उन्होंने हमें इस खूबसूरत स्टेट गुजरात में आने की इजाजत दी और हमारा दिल से स्वागत किया। ये फीलिंग हमारे लिए इतनी इमोशनल थी कि हम 70वें वर्जन के लिए भी यहां आना चाहते थे।'
