CM Eknath Shinde on Salman Khan: महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे सलमान खान के घर पहुंचे और उनसे मुलाकात की बताते हैं कि एकनाथ शिंदे काफी देर तक सलमान खान के घर पर रहे वहीं इस मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री ने गैंगस्टरों को उखाड़ फेंकने का भरोसा दिया और कहा कि 'मिट्टी में मिला देंगे...'
सलमान खान से मुलाकात के बाद CM एकनाथ शिंदे ने दिलाया सुरक्षा का भरोसा
उन्होंने कहा है कि सरकार पूरी तरह से सलमान खान और उनके परिवार के साथ खड़ी है, उन्होंने इस मामले में शामिल गैंग को खत्म करने की चेतावनी भी दी।
शिंदे ने कहा कि गोलीबारी में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने मुंबई पुलिस आयुक्त को खान और उनके परिवार के सदस्यों की सुरक्षा बढ़ाने का निर्देश दिया है।शिंदे ने कहा, 'मैंने सलमान खान को आश्वासन दिया है कि सरकार उनके पीछे खड़ी है और उनकी सुरक्षा सरकार की जिम्मेदारी है। सरकार यह सुनिश्चित करेगी कि मुंबई में कोई भी ऐसी हरकत करने की हिम्मत न करे।'
यहां बांद्रा इलाके में स्थित गैलेक्सी अपार्टमेंट में खान के आवास के बाहर रविवार सुबह गोलीबारी की घटना के बाद से आरोपी विकी गुप्ता) और सागर पाल फरार थे। दोनों बिहार के रहने वाले हैं। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों को सोमवार देर रात गुजरात के कच्छ जिले के माता नो माध गांव से पकड़ा गया और बाद में मुंबई लाया गया।
'पुलिस पता लगाएगी कि घटना के पीछे कौन है'
शिंदे ने कहा, 'पुलिस जांच कर रही है और सच्चाई सामने आ जाएगी। पुलिस पता लगाएगी कि घटना के पीछे कौन है। उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।' शिंदे के साथ पूर्व विधायक बाबा सिद्दीकी, उनके बेटे एवं कांग्रेस विधायक जीशान सिद्दीकी और शिवसेना नेता राहुल कनाल भी खान के आवास पर आए।
