इलेक्शन

हरियाणा का बदला दिल्ली में ले रही कांग्रेस? क्यों नहीं हुआ AAP और CONG के बीच गठबंधन, माकन ने दिया बता

एक प्रेस कांफ्रेंस के दौरान कांग्रेस नेता अजय माकन ने कहा कि केजरीवाल के आगे बढ़ने से भाजपा को फायदा मिलता है। भारतीय जनता पार्टी का मुकाबला करने के लिए राष्ट्रीय स्तर पर कांग्रेस का मजबूत होना जरूरी है। अगर राष्ट्रीय स्तर पर मुख्य विपक्षी पार्टी कमजोर होगी तो भारतीय जनता पार्टी से कभी नहीं लड़ा जा सकता।

Image

प्रेस कांफ्रेंस के दौरान कांग्रेस नेता अजय माकन

Photo : Twitter

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अजय माकन ने शनिवार को दिल्ली में आम आदमी पार्टी (आप) के बढ़ते प्रभाव को भारतीय जनता पार्टी (भा.ज.पा.) के लिए फायदेमंद बताया और कहा कि कांग्रेस को कमजोर करके राष्ट्रीय स्तर पर भाजपा का मुकाबला नहीं किया जा सकता। माकन ने यह भी दोहराया कि उन्होंने अरविंद केजरीवाल को "फर्जीवाल" और "एंटी नेशनल" कहा था, और इसे अपनी व्यक्तिगत राय बताया।

हरियाणा का बदला दिल्ली में

कांग्रेस के कोषाध्यक्ष ने पार्टी के नए मुख्यालय इंदिरा भवन में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में कहा कि आप के साथ गठबंधन करने से दिल्ली की जनता को नुकसान हुआ और भाजपा को फायदा हुआ। उन्होंने यह भी बताया कि कांग्रेस हरियाणा और दिल्ली विधानसभा चुनावों में आप के साथ गठबंधन करना चाहती थी, लेकिन केजरीवाल ने अपनी पार्टी की ओर से गठबंधन से इंकार कर दिया था और अलग-अलग चुनाव लड़ने की घोषणा की थी। उनका कहना था, "हम हरियाणा और दिल्ली चुनाव आम आदमी पार्टी के साथ गठबंधन में लड़ना चाहते थे। लेकिन जैसे ही अरविंद केजरीवाल जेल से बाहर आए, उन्होंने घोषणा की कि वह (हरियाणा की) सभी 90 सीटों पर अलग चुनाव लड़ेंगे। जहां तक दिल्ली चुनाव की बात है तो आप ने लोकसभा चुनाव के बाद घोषणा की थी कि वह दिल्ली चुनाव अकेले लड़ेगी। गोपाल राय ने यह घोषणा की थी।"

आप को माकन ने घेरा

माकन ने यह भी कहा कि कांग्रेस ने शीला दीक्षित के मुख्यमंत्री रहते दिल्ली की सभी सात लोकसभा सीटें जीती थीं, लेकिन आप की सरकार आने के बाद भाजपा ने सभी सात सीटें जीत लीं, जिससे यह सवाल उठता है कि भाजपा के साथ कौन है। उन्होंने यह भी कहा कि यदि कांग्रेस राष्ट्रीय स्तर पर मजबूत नहीं होगी, तो भाजपा से मुकाबला करना मुश्किल होगा।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article