इलेक्शन

तवा से रोटी पलटती रहनी चाहिए, नहीं तो जल जाएगी- पहले चरण की वोटिंग के बीच लालू यादव की खास अपील

बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण की वोटिंग के बीच राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव ने अपने चिर-परिचित अंदाज में मतदाताओं से अपील की है। उन्होंने कहा कि तवा से रोटी पलटती रहनी चाहिए, नहीं तो जल जाएगी।

Image

राजद प्रमुख लालू यादव

बिहार चुनाव के पहले चरण की वोटिंग के बीच राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव ने मतदाताओं से खास अंदाज में अपील की। लालू प्रसाद यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "तवा से रोटी पलटती रहनी चाहिए नहीं तो जल जाएगी। 20 साल बहुत हुआ! अब युवा सरकार और नए बिहार के लिए तेजस्वी सरकार अति आवश्यक है।"

तेजस्वी के लिए लालू की अपील

राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के एक्स हैंडल में लिखा, "याद रखिए तेजस्वी की गारंटी ही आपकी खुशियों की गारंटी है। तेजस्वी यादव जी की गारंटी से ही आपका परिवार आगे बढ़ेगा और खुशहाल, प्रगतिशील और सुरक्षित रहेगा। इधर-उधर की बातों पर ध्यान नहीं देना है, केवल सरकारी नौकरी, रोजगार, बदलाव, फैक्ट्री और बिहार में तीव्र गति से प्रगति के लिए ही मतदान करना है। आपको एवं आपके परिवार को कचोटने वाले मुद्दे ही वास्तविक मुद्दे हैं। उसके आगे कुछ नहीं देखना है।"

महागठबंधन को वोट दें- लालू यादव

आगे लिखा, "अगर आपको अपने बच्चों के लिए सरकारी नौकरी चाहिए, बिहार के लिए अच्छा भविष्य चाहिए और बिहार को अग्रणी राज्यों में शामिल करना है, तो आपको भारी संख्या में मतदान केंद्र जाकर महागठबंधन के लिए वोट करना है। किसी भी प्रलोभन, बहकावे, भटकावे या लालच में आकर अपना जीवन बर्बाद न करें। बिहार देश का सबसे पिछड़ा राज्य बन चुका है। इसे आगे लाने के लिए नौकरी और रोजगार अत्यावश्यक है। अपना बिहारी स्वाभिमान जगाएं और तेजस्वी सरकार बनाकर बिहार को आगे बढ़ाएं।"

11:00 तक का मतदान प्रतिशत

11:00 बजे तक बिहार में 27.65% मतदान हुए हैं-

  • मधेपुरा 28.46%
  • सहरसा 29.68
  • दरभंगा 26.07
  • मुजफ्फरपुर 29.66
  • गोपालगंज 30.04
  • सिवान 27.09
  • सारण 28.52
  • वैशाली 28.67
  • समस्तीपुर 27.92
  • बेगूसराय 30.03
  • खगड़िया 28.96
  • मुंगेर 26.68
  • लखीसराय 30. 32
  • शेखपुरा 26.04
  • नालंदा 26.86
  • पटना 23.71
  • भोजपुर 26.76
  • बक्सर 28.02

121 सीटों पर वोटिंग जारी

बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण में 18 जिलों की 121 विधानसभा सीटों के लिए सुबह 7 बजे मतदान शुरू हुआ। मतदान केंद्र पर सुबह से ही मतदाताओं की कतारें लगी हैं। भारतीय चुनाव आयोग (ईसीआई) के अनुसार, इस चुनाव में कुल 3,75,13,302 मतदाता हैं, जिनमें 1,98,35,325 पुरुष, 1,76,77,219 महिलाएं और थर्ड जेंडर के 758 मतदाता शामिल हैं।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमार author

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय ... और देखें

End of Article