West Bengal Chunav Phase 2 Voting Percentage Tracker LIVE: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के लिए वोटिंग खत्म हो गई है। दूसरे चरण में बंगाल के 142 विधानसभा सीटों पर बुधवार को मतदान हुआ। दूसरे चरण के मतदान ने सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। दूसरे चरण में 91.66 प्रतिशत मतदान हुआ है।
पश्चिम बंगाल का वोटिंग प्रतिशत यहां लाइव देखिए
किस सीट पर कितना मतदान, यहां देखें
रिकॉर्ड तोड़ मतदान
निर्वाचन आयोग की ओर से जारी एक विज्ञप्ति में बताया गया है कि दूसरे चरण के मतदान में शाम 7.45 बजे तक 91.66 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया, जिससे दोनों चरणों को मिलाकर कुल मतदान प्रतिशत 92.47 प्रतिशत हो गया है। पहले चरण का मतदान 23 अप्रैल को हुआ था और मतगणना चार मई को होगी। कोलकाता में लगभग 87 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया, जबकि पूर्वी बर्धमान जिला 92.46 प्रतिशत मतदान के साथ शीर्ष पर रहा। पश्चिम बंगाल में स्वतंत्रता के बाद मत प्रतिशत के लिहाज से यह अब तक का सबसे अधिक भागीदारी वाला विधानसभा चुनाव है।
पहले चरण में कितना मतदान
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण में 93.19 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया, जो राज्य में अब तक का सबसे अधिक मत प्रतिशत है। आयोग ने कहा कि पहले चरण का मतदान 23 अप्रैल को 16 जिलों के 152 विधानसभा क्षेत्रों में हुआ, जिसमें कुल 3.61 करोड़ मतदाताओं में से 3.36 करोड़ ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। इसने कहा कि मतदान करने वालों में 1.65 करोड़ महिलाएं और 1.71 करोड़ पुरुष थे। सबसे अधिक मतदान कूच बिहार जिले में 96.2 प्रतिशत दर्ज किया गया, उसके बाद दक्षिण दिनाजपुर में 95.44 प्रतिशत और मालदा में 94.79 प्रतिशत मतदान हुआ। जलपाईगुड़ी में 94.76 प्रतिशत, बीरभूम में 94.51 प्रतिशत और उत्तर दिनाजपुर में 94.16 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। मुर्शिदाबाद में 93.67 प्रतिशत, अलीपुरद्वार में 93.2 प्रतिशत, पूर्वी मेदिनीपुर में 92.75 प्रतिशत, बांकुड़ा में 92.55 प्रतिशत, झाड़ग्राम में 92.26 प्रतिशत, पश्चिम मेदिनीपुर में 92.19 प्रतिशत और पुरुलिया में 91.59 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। पश्चिम बर्धमान में 90.32 प्रतिशत मतदान हुआ। दार्जिलिंग में 88.98 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया, जबकि कलिम्पोंग में सबसे कम 83.04 प्रतिशत मतदान हुआ। निर्वाचन आयोग द्वारा साझा किए गए आंकड़ों के अनुसार, इससे पहले सबसे अधिक मतदान 84.72 प्रतिशत था, जो 2011 के विधानसभा चुनावों में दर्ज किया गया था, जिसमें तृणमूल कांग्रेस ने शानदार जीत हासिल की थी।
दूसरे चरण में कितने मतदाता
दूसरे चरण में राज्य के 142 पर 1,64,35,627 पुरुष, 1,57,37,418 महिलाओं और 792 तृतीय-लिंग के मतदाताओं समेत कुल 3,21,73,837 मतदाता मतदान के पात्र हैं। दूसरे चरण के मतदान के लिए कुल 41,001 मतदान केंद्र बनाए गए, जिनकी हर गतिविधि पर वेबकास्टिंग के जरिए नजर रखी गई।
