'बिहार में 6 सीटें चाहते थे, हमें अंतिम समय तक गुमराह किया गया', JMM नेता ने राजद-कांग्रेस दोनों को ठहराया जिम्मेदार

भाजपा प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने कहा कि इस पूरे घटनाक्रम से झारखंडी अस्मिता बिहार के राजनीतिक चौराहे पर तार-तार हो गई। लंबे समय तक जेएमएम गठबंधन में अपनी हिस्सेदारी सुनिश्चित करने के लिए प्रयासरत रहा, लेकिन उसे निराशा ही हाथ लगी। प्रतुल ने कहा कि जेएमएम के वरिष्ठ नेताओं ने माना है कि राजद और कांग्रेस ने उनके पीठ में खंजर घोंपा।

Bihar Assembly Election: बिहार चुनाव में इंडिया ब्लॉक से सीट नहीं मिलने पर झारखंड मुक्ति मोर्च (जेएमएम) ने अपनी नाराजगी जाहिर की है। जेएमएम नेता मनोज पांडे ने बुधवार को रांची में कहा कि बिहार चुनाव में उनकी पार्टी छह सीटें चाहती थी लेकिन उसे ये सीटें नहीं दी गईं। इसके लिए राजद और कांग्रेस दोनों जिम्मेदार हैं। दोनों दलों ने सीट देने की बात कही थी लेकिन अंतिम समय तक उन्हें सीटें नहीं दीं और भ्रम की स्थिति बनाकर रखा। यह सब देखकर पार्टी ने बिहार विधानसभा चुनाव न लड़ने का फैसला किया।

jmm

जेएमएम ने बिहार चुनाव न लड़ने का फैसला किया है।

भ्रम की स्थिति के लिए आरजेडी-कांग्रेस जिम्मेदार

समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक जेएमएम नेता मनोज पांडेय ने कहा, 'हम इस भ्रम की स्थिति के लिए आरजेडी और कहीं न कहीं कांग्रेस को भी जिम्मेदार मानते हैं। हमें वहां (महागठबंधन में) उचित स्थान नहीं मिला। हमारी इच्छा गठबंधन तोड़ने की नहीं थी। पार्टी ने पहले ही छह सीटों पर अपना मन बना लिया था, लेकिन इंडिया गठबंधन की ओर से कहा गया कि आपको समायोजित किया जाएगा। इंतजार की सीमा पार हो गई और हमें गठबंधन में कोई जगह नहीं मिली। यहां सिर्फ भ्रम की स्थिति बनाई गई। पार्टी ने फैसला किया है कि हम चुनाव से बाहर रहेंगे।'

End of Feed