इलेक्शन

Wazirpur Seat: वजीरपुर मे AAP की हैट्रिक या BJP करेगी खेला, कांग्रेस की रागिनी नायक भी कर सकती है उलटफेर

Wazirpur Seat: वजीरपुर विधानसभा सीट से कांग्रेस ने इस बार रागिनी नायक को मैदान में उतारा है, वहीं बीजेपी ने अभी अपने कैंडिडेट की घोषणा नहीं की है।

Image

वजीरपुर सीट पर इस बार त्रिकोणीय मुकाबला

KEY HIGHLIGHTS
  • चांदनी चौक लोकसभा क्षेत्र में आती है वजीरपुर सीट
  • दो बार से वजीरपुर से जीत रही है आप
  • इस बार वजीरपुर में त्रिकोणीय मुकाबले के आसार

Wazirpur Seat: दिल्ली के वजीरपुर सीट पर इस बार त्रिकोणीय मुकाबला देखने को मिल सकता है। इस सीट पर पिछले दो चुनावों से आम आदमी पार्टी की कब्जा है। कभी यह सीट कांग्रेस का गढ़ हुआ करती थी, लेकिन अब आप का गढ़ है। इस सीट से कांग्रेस ने इस बार अपने तेज तर्रार प्रवक्ता रागिनी नायक को टिकट दिया है, वहीं आप अपने वर्तमान विधायक राजेश गुप्ता पर ही भरोसा जताया है। बीजेपी ने अभी उम्मीदवार की घोषणा नहीं की है।

मध्य दिल्ली की महत्वपूर्ण सीट है वजीरपुर

दिल्ली चुनाव में मध्य दिल्ली की सीटें हमेशा महत्वपूर्ण भूमिका अदा करती है। मध्य दिल्ली की चांदनी चौक लोकसभा क्षेत्र में आने वाली वजीरपुर भी एक ऐसी ही सीट है जो दिल्ली चुनाव में सत्ता पक्ष और विपक्ष का चुनावी अखाड़ा बनती है। इस सीट पर पिछली दो बार से आम आदमी पार्टी का कब्जा है। इस बार भी आप इस सीट पर हैट्रिक लगाने के इरादे से उतरेगी जबकि भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस इस सीट पर आप का तिलिस्म तोड़ने के लिए उतरेंगे।

औद्योगिक केंद्र है वजीरपुर

उत्तरी दिल्ली स्थित वजीरपुर एक हलचल भरा शहरी इलाका है, जो औद्योगिक महत्व, वाणिज्यिक गतिविधि और सुविधाजनक कनेक्टिविटी के लिए प्रसिद्ध है। यह क्षेत्र नेताजी सुभाष प्लेस मेट्रो स्टेशन के करीब स्थित है, और एक प्रमुख वाणिज्यिक एवं औद्योगिक केंद्र के रूप में जाना जाता है। वजीरपुर अपनी औद्योगिक संपदा और विनिर्माण इकाइयों के लिए प्रसिद्ध है, जिनमें ऑटोमोटिव, इलेक्ट्रॉनिक्स, टेक्सटाइल और अन्य उद्योग शामिल हैं। इन उद्योगों ने इस क्षेत्र को रोजगार के अवसर प्रदान किए हैं और दिल्ली की अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।

वजीरपुर विधानसभा 2020 रिजल्ट

वजीरपुर विधानसभा सीट पर 2020 में हुए चुनाव में आम आदमी पार्टी के राजेश गुप्ता ने 57,331 वोटों के साथ जीत हासिल की। उन्होंने भाजपा के महेंद्र नागपाल को 11,690 वोटों के अंतर से हराया, जिनके खाते में 45,641 वोट आए। कांग्रेस के उम्मीदवार हरिकिशन जिंदल को 3,501 वोट मिले। 2020 के चुनाव में कुल 1,81,241 वोटर्स में से 1,09,654 ने वोट डाले जो कि लगभग 60 प्रतिशत मतदान था। इससे पहले, 2015 के विधानसभा चुनाव में भी राजेश गुप्ता ने भाजपा के महेंद्र नागपाल को हराया था और इस बार भी जीत का अंतर ज्यादा था। 2015 में राजेश गुप्ता को 61,208 वोट मिले थे, जबकि भाजपा के महेंद्र नागपाल को 39,164 वोट मिले थे। कांग्रेस के हरि शंकर गुप्ता को 8,371 वोट मिले थे।

कांग्रेस का गढ़ था वजीरपुर

वजीरपुर विधानसभा सीट पर पहली बार 1993 में चुनाव हुए थे, और तब कांग्रेस के दीप चंद बंधु ने जीत हासिल की थी। उन्होंने 1998 के चुनाव में भी अपनी लगातार दूसरी जीत दर्ज की थी। हालांकि 2003 में भाजपा ने कांग्रेस को हराते हुए यह सीट जीत ली थी। भाजपा के मांगे राम गर्ग ने यहां से चुनाव जीता, लेकिन 2008 में उन्हें कांग्रेस के हरिशंकर गुप्ता के हाथों हार का सामना करना पड़ा। साल 2013 में आम आदमी पार्टी की एंट्री के बाद वजीरपुर की राजनीति में बदलाव आया, लेकिन उस चुनाव में आम आदमी पार्टी यहां से जीत हासिल नहीं कर पाई।

पिछले चुनावों में कांग्रेस का खराब प्रदर्शन

साल 2015 में आम आदमी पार्टी ने राजेश गुप्ता को अपना उम्मीदवार बनाया, और उन्होंने भाजपा के महेंद्र नागपाल को हराकर यह सीट वापस जीत ली। इसके बाद 2020 में भी वही चुनावी संघर्ष दिखाई दिया, और राजेश गुप्ता ने 11,690 वोटों के अंतर से भाजपा के महेंद्र नागपाल को हराया। कांग्रेस के वोटों में भारी कमी आई थी, और उसे सिर्फ 3,501 वोट मिले थे, जबकि 2015 में उसे 8,371 वोट मिले थे।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article