चुनाव आयोग आज महाराष्ट्र और झारखंड विधानसभा चुनावों की तारीखों का ऐलान करने वाला है। चुनाव आयोग के इस ऐलान से पहले ही कांग्रेस ने ईवीएम पर सवाल उठा दिया है। कांग्रेस नेता राशिद अल्वी ने चुनाव आयोग पर भी आरोप लगाए हैं। ईवीएम में गड़बड़ी के तार को इजराइल से भी जोड़ दिया।
बीजेपी और चुनाव आयोग पर उठाए सवाल
महाराष्ट्र और झारखंड चुनाव की तारीखों की आज घोषणा होने पर कांग्रेस नेता राशिद अल्वी कहते हैं, "...ईवीएम का बड़ा खेल कहीं भी हो सकता है और उसके लिए बीजेपी चुनाव से पहले ये सब खेल कर लेती है। महाराष्ट्र में विपक्ष को ईवीएम के बजाय बैलेट पेपर से वोटिंग करवाने पर जोर देना चाहिए। अन्यथा महाराष्ट्र में भाजपा सरकार और चुनाव आयोग कुछ भी कर सकते हैं।"
इजराइल से जोड़ दिया कनेक्शन
राशिद अल्वी ने आगे ईवीएम में गड़बड़ी को इजराइल से जोड़ते हुए कहा कि यदि इजराइल पेजर और वॉकी-टॉकी के इस्तेमाल से लोगों को मार सकता है, तो ईवीएम कहां है? इजराइल के साथ पीएम के बहुत अच्छे रिश्ते हैं. इजराइल ऐसी चीजों में माहिर है। ईवीएम का बड़ा खेल कहीं भी हो सकता है और उसके लिए बीजेपी चुनाव से पहले ये सब खेल कर लेती है।”
कांग्रेस उठा रही है सवाल
बता दें कि हरियाणा विधानसभा चुनाव में अप्रत्याशित नतीजे आने के बाद से कांग्रेस ईवीएम पर सवाल उठा रही है। इसके लिए कांग्रेस ने बकायदा चुनाव आयोग के पास शिकायत भी की है। वहीं चुनाव आयोग का दावा है कि ईवीएम सुरक्षित है और कोई गड़बड़ी नहीं की जा सकती है।
