इलेक्शन

UP By Election: यूपी में 9 सीटों पर उपचुनाव आज, 30 प्रतिशत से अधिक उम्मीदवारों पर दर्ज हैं आपराधिक मामले, 48 प्रतिशत प्रत्याशी हैं करोड़पति

UP By Election: उत्तर प्रदेश की कटेहरी (अंबेडकर नगर), करहल (मैनपुरी), मीरापुर (मुजफ्फरनगर), गाजियाबाद, मझवां (मिर्जापुर), सीसामऊ (कानपुर शहर), खैर (अलीगढ़), फूलपुर (प्रयागराज) और कुंदरकी (मुरादाबाद) विधानसभा सीट पर 20 नवंबर को उपचुनाव है।

Image

उत्तर प्रदेश में उपचुनाव के लिए वोटिंग आज (फाइल फोटो)

Photo : PTI

UP By Election: उत्तर प्रदेश में उपचुनाव के लिए आज यानि कि बुधवार को मतदान होना है। मतदान के लिए चुनाव आयोग की तैयारियां पूरी हो गईं है। मतदान केंद्रों पर 9 सीटों के लिए मतदाता आज अपना विधायक चुनेंगे। इस उपचुनाव में उतरे 30 प्रतिशत से ज्यादा उम्मीदवारों पर आपराधिक मामले दर्ज हैं जबकि 48 फीसद प्रत्याशी करोड़पति हैं।

29 कैंडिडेट के खिलाफ आपराधिक मामले दर्ज

गैर सरकारी संगठन ‘यूपी इलेक्शन वॉच और एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (एडीआर)’ ने अपनी एक रिपोर्ट में यह जानकारी दी है। उसने राज्य की नौ विधानसभा सीट के उपचुनाव में उतरे सभी 90 उम्मीदवारों की आपराधिक पृष्ठभूमि, वित्तीय एवं शैक्षिक स्थिति तथा अन्य विवरणों के विश्लेषण के बाद यह रिपोर्ट तैयार की है। रिपोर्ट के मुताबिक 90 उम्मीदवारों में से 29 (32 प्रतिशत) ने अपने खिलाफ ‘आपराधिक मामले’ दर्ज होने का अपने हलफनामों में खुलासा किया है। उनमें से 24 (27 प्रतिशत) के खिलाफ ‘गंभीर आपराधिक मामले’ दर्ज हैं। रिपोर्ट में 25 निर्दलीय उम्मीदवारों के साथ-साथ क्षेत्रीय और राष्ट्रीय दलों द्वारा समर्थित उम्मीदवार भी शामिल हैं।

कौन है सबसे अमीर उम्मीदवार

रिपोर्ट के अनुसार उम्मीदवारों की वित्तीय स्थिति को देखें तो 90 उम्मीदवारों में से 43 (48 प्रतिशत) करोड़पति हैं और हर उम्मीदवार की औसत संपत्ति 3.76 करोड़ रुपये है। सबसे अमीर उम्मीदवार भाजपा की शुचिस्मिता मौर्य (मझवां) हैं जिनके नाम 50 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति है। इसके बाद सपा की सुम्बुल राना (मीरापुर) हैं। उनके पास 40 करोड़ रुपये से अधिक और सपा के सिंह राज जाटव (गाजियाबाद) के पास 28 करोड़ रुपये की सम्पत्ति है। सबसे गरीब तीन उम्मीदवार निर्दलीय हैं।

दो प्रत्याशी अशिक्षित

रिपोर्ट के अनुसार गाजियाबाद के रूपेश चंद्र के पास कुल 18,000 रुपये की संपत्ति है, जबकि फूलपुर से चुनाव लड़ रही रीता विश्वकर्मा और गायत्री के पास कुल 27,000 रुपये की जायदाद है। शिक्षा के मामले में 33 (37 प्रतिशत) उम्मीदवारों ने अपनी शैक्षणिक योग्यता पांचवीं से 12वीं कक्षा के बीच घोषित की है, जबकि 49 (54 प्रतिशत) उम्मीदवार स्नातक या उससे ज्यादा शिक्षित हैं। पांच उम्मीदवारों ने खुद को केवल साक्षर और दो प्रत्याशियों ने खुद को निरक्षर घोषित किया है।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article