इलेक्शन

दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए वोटिंग खत्म, नतीजों का इंतजार शुरू; BJP और AAP ने फर्जी मतदान के लगाए आरोप

Delhi Assembly Election 2025: दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए वोटिंग खत्म हो गई है। अब नतीजों का इंतजार है। दिल्ली विधानसभा चुनाव के दौरान भाजपा और आम आदमी पार्टी ने अलग-अलग निर्वाचन क्षेत्रों में फर्जी मतदान के आरोप लगाए। मतदान के दौरान कई विवादित आरोप दोनों ही पक्ष से लगाए गए।

Image

दिल्ली विधानसभा चुनाव के नतीजों का इंतजार शुरू।

Delhi Chunav 2025: दिल्ली विधानसभा चुनाव में मतदान समाप्त हो गया है। भारत के चुनाव आयोग के अनुसार, शाम 6 बजे मतदान समाप्त होने के बाद कतार में लगे सभी मतदाताओं को अपना वोट डालने की अनुमति है। इस बीच दिल्ली विधानसभा चुनाव के तहत बुधवार को जारी मतदान के बीच भाजपा और आम आदमी पार्टी (आप) ने राष्ट्रीय राजधानी के कुछ हिस्सों में फर्जी मतदान के आरोप लगाए।

दिल्ली में वोटिंग खत्म, नतीजों का इंतजार शुरू

शाम 6 बजे दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए मतदान दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) ने बताया कि मतदान प्रक्रिया ‘‘सुचारू रूप से’’ चली। सीईओ ने कहा कि ‘मॉक पोल’ और वास्तविक मतदान के दौरान कुछ इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) बदली गईं। सीलमपुर में उस वक्त नाटकीय स्थिति देखने को मिली जब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक नेता ने बुर्का पहनी कुछ महिलाओं पर फर्जी तरीके से मतदान का प्रयास करने का आरोप लगाया। हालांकि पुलिस ने इलाके में किसी तरह के फर्जी मतदान से इनकार किया है।

आम आदमी पार्टी के नेताओं ने की नारेबाजी

वहीं, कस्तूरबा नगर में पुलिस सूत्रों ने बताया कि दो लोगों ने फर्जी तरीके से मतदान करने का प्रयास किया। उन्होंने बताया कि दोनों लोगों को पकड़ लिया गया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। सीलमपुर में भाजपा द्वारा फर्जी मतदान के आरोपों के बाद एक मतदान केंद्र के बाहर आम आदमी पार्टी के नेताओं ने नारेबाजी शुरू कर दी। दिल्ली पुलिस ने हालांकि इलाके में सुरक्षा बल तैनात होने का हवाला देते हुए आरोपों को खारिज कर दिया है। उन्होंने बताया कि अतिरिक्त पुलिस और अर्धसैनिक बलों को भी तैनात किया गया है।

सीलमपुर निवासी सफदर अली ने कहा कि भाजपा उम्मीदवार अनिल गौड़ आए और कहा कि लोग फर्जी तरीके से मतदान कर रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘‘हमने उनसे पूछा कि जब मतदान से पहले, कई दौर की जांच से गुजरना होता है तो यह कैसे संभव है। अधिकारी सभी मतदाताओं के पहचान पत्र की जांच कर रहे हैं और केवल वैध मतदाताओं को ही बूथ के अंदर जाने की अनुमति दे रहे हैं।’’ अली ने कहा, ‘‘बाद में वह चले गए और अब प्रशासन और सुरक्षाकर्मियों के कारण यहां स्थिति सामान्य है।’’

पैसे देने के आरोपों की तुरंत जांच की गई

इस बीच, ‘आप’ के वरिष्ठ नेता मनीष सिसोदिया ने आरोप लगाया कि जंगपुरा के एक घर से पैसे बांटे जा रहे हैं और उन्होंने इस कथित कृत्य का एक वीडियो सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर साझा किया। पुलिस उपायुक्त (दक्षिणपूर्व) अंकित चौहान ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि सराय काले खां में मतदाताओं को पैसे देने के आरोपों की तुरंत जांच की गई। चौहान ने कहा कि पुलिस ने एक कार्यकारी मजिस्ट्रेट और एक उड़न दस्ते की टीम के साथ शिकायत की पूरी तरह से पुष्टि की और आरोपों को साबित करने के लिए कोई सबूत नहीं मिला।

ग्रेटर कैलाश से आम आदमी पार्टी (आप) के उम्मीदवार सौरभ भारद्वाज ने दावा किया कि पुलिस ने चिराग दिल्ली इलाके में अवरोधक लगाए हैं और लोगों को मतदान करने से रोका जा रहा है। उन्होंने ‘एक्स’ पर एक वीडियो साझा किया जिसमें एक महिला एक बैरिकेड के पास ऑटोरिक्शा में अकेली बैठी है। उन्होंने आरोप लगाया कि मतदान केंद्र तक पहुंच को बाधित करने के लिए जानबूझकर महिला को रोककर रखा गया। डीसीपी चौहान ने कहा कि केवल बुजुर्गों और जो लोग चलने में असमर्थ हैं, उन्हें ही वाहनों से मतदान केंद्र तक जाने की अनुमति दी गई, लेकिन अन्य लोगों को निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित 200 मीटर के दायरे के बाहर ही रोक दिया गया।

भाजपा कार्यकर्ता की झुग्गी में आग लगा दी

भाजपा की दिल्ली इकाई ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में आरोप लगाया कि शाहदरा विधानसभा क्षेत्र के कलंदर कॉलोनी में आप कार्यकर्ताओं ने एक भाजपा कार्यकर्ता की झुग्गी में आग लगा दी। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने दावा किया कि आम आदमी पार्टी अपनी ‘‘आसन्न हार’’ से घबराकर फर्जी मतदान पर उतर आई है। नयी दिल्ली जिला निर्वाचन कार्यालय ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि राजनीतिक दलों द्वारा मतदान केंद्रों के अंदर मतदान एजेंटों के ‘रिलीवर’ को अनुमति नहीं दिए जाने के कुछ कथित मामले सामने आए हैं। इसने कहा, ‘‘हालांकि, जमीनी सत्यापन से पता चला है कि अंदर मौजूद मतदान एजेंट बाहर आने के लिए तैयार नहीं थे, जिससे ‘रिलीवर’ को अंदर नहीं आने दिया गया। सेक्टर अधिकारियों और पीठासीन अधिकारियों को एक मतदान एजेंट के स्थान पर दूसरे मतदान एजेंट के आने के संबंध में जागरूक किया गया है।’’

नयी दिल्ली सीट से भाजपा उम्मीदवार प्रवेश वर्मा ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में सिसोदिया पर ‘‘गुंडागर्दी’’ करने का आरोप लगाया और उन्होंने एक वीडियो साझा किया जिसमें कथित तौर पर आप नेता सिसोदिया गुस्से में भाजपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए दिखाई दे रहे हैं। कस्तूरबा नगर में पुलिस को सूचना मिली कि दो लोगों ने कथित तौर पर फर्जी मतदान का प्रयास किया। ये कथित घटनाएं एंड्रयूज गंज इलाके के सर्वोदय विद्यालय में हुईं। पुलिस सूत्रों ने बताया कि दिल्ली पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया और फिलहाल उनसे पूछताछ की जा रही है।

पुलिस को एक महिला से पीसीआर कॉल मिली, जिसने आरोप लगाया कि जब तक वह जाफराबाद स्थित अपने मतदान केंद्र पर पहुंचती, तब तक किसी ने उसके नाम पर वोट डाल दिया था। हालांकि, पुलिस को पता चला कि शिकायतकर्ता के घर में किरायेदार के रूप में रहने वाली उसी नाम की महिला ने वोट डाला था। पुलिस ने बताया कि सत्यापन के बाद पीठासीन अधिकारी ने दोनों को मतदान की अनुमति दे दी।

Ayush Sinha
आयुष सिन्हाauthor

मैं टाइम्स नाउ नवभारत (Timesnowhindi.com) से जुड़ा हुआ हूं। कलम और कागज से लगाव तो बचपन से ही था, जो धीरे-धीरे आदत और जरूरत बन गई। मुख्य धारा की पत्रकारिता से जुड़े हुए 10 साल पूरे हो चुके हैं। लोकसभा चुनाव 2014 से पहले ही मैंने पत्रकारिता की पढ़ाई के बीच में ही देश की राजधानी दिल्ली आने की ठान ली थी। उससे पहले मैंने कभी ये सोचा तक नहीं था कि मैं बनारस बोले तो वाराणसी शहर से बाहर भी जा सकता हूं। जी हां, मेरा नाता काशी से है। जन्म के साथ-साथ शिक्षा दीक्षा भी बनारस में ही हुई। राष्ट्रपिता मोहनदास करमचंद गांधी (बापू) द्वारा स्थापित किए गए विश्वविद्यालय- 'महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ' से मैंने पत्रकारिता में स्नातक किया है। ग्रेजुएशन के दौरान ही विश्वविद्यालय के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के अध्यापकों ने बड़ी ही सख्ती से मेरी नक्काशी करने की कोशिश की। ग्रेजुएशन के आखिरी वर्ष आते-आते मैंने दिल्ली की ट्रेन पकड़ी और यहां पहुंच गया। आव देखा न ताव, दिल्ली NCR में बड़े-बड़े मीडिया समूहों के दफ्तरों के बाहर अपना बायोडेटा डाल कर प्रयास में जुट गया। काफी धैर्य के बाद ZEE मीडिया समूह से जुड़ने का मौका मिला। मेरे पत्रकारिता के सफर की शुरुआत टेलीविजन के इनपुट डिपार्टमेंट से हुई। यहां मैं असाइनमेंट डेस्क पर था। कुछ महीनों तक खुद को इस समूह के साथ जोड़े रखने के बाद वर्ष 2015 में मैंने प्रिंट मीडिया का रुख कर लिया और ALL RIGHTS नाम की मैगज़ीन के साथ जुड़ गया। बतौर विशेष संवाददाता (Special Correspondent) मेरे कंधों पर बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई थी। मैं उन दिनों देशभर के अलग-अलग लोकसभा क्षेत्र के सांसदों, केंद्रीय मंत्रियों और दिल्ली सरकार के विधायकों और मंत्रियों का साक्षात्कार करता था। मैगज़ीन के संपादकीय पृष्ठ के लिए मैं लेख भी लिखता था। राजनीतिक खबरों से लगाव होने के चलते मैंने इस बीट को ही अपना हमसाया बना लिया। मैगजीन के बाद फिर टेलीविजन का रुख किया और इसी साल दोबारा ज़ी मीडिया से जुड़ गया। यहां साढ़े 3 सालों तक काम करने के बाद मैंने डिजिटल मीडिया में कदम रखने की ठान ली। रिपब्लिक भारत की लॉन्चिंग से पहले मुझे इसकी वेबसाइट से जुड़ने का मौका मिला। रिपब्लिक से जुड़ने के साथ ही मैंने दिल्ली छोड़कर मुंबई का रुख कर लिया। समंदर किनारे बसे इस शहर में मैंने डिजिटल पत्रकारिता के गुर को सीखा। इस संस्थान में मुझे रिपोर्टर के तौर पर मौका दिया था। कुछ ही महीने बाद मैं वापस दिल्ली आ गया और मैंने न्यूज़ वर्ल्ड इंडिया में एसोसिएट प्रोड्यूसर और रिपोर्टर की भूमिका में काम किया। चंद महीने बाद ही ज़ी मीडिया समूह के डिजिटल प्लेटफॉर्म पर काम करने का अवसर मिला। ज़ी हिन्दुस्तान के लिए मैंने स्पेशल खबरों पर काम किया और इस समूह का पहला डिजिटल रिपोर्टर बन गया। इसके बाद मुझे वीडियो सेक्शन का हेड बना दिया गया। मैंने चुनावी कवरेज की, ग्राउंड रिपोर्टिंग की और साथ ही साथ वीडियो सेक्शन को नए शिखर पर पहुंचाने की कोशिश की। मैं कविताएं और किस्से-कहानियां भी लिखता रहता हूं। पढ़ाई के दौरान ही मैंने दो किताबें भी लिखी, एक नॉवेल और दूसरी पोएट्री बुक। पत्रकारिता में रहते हुए मैंने कई "स्टिंग ऑपरेशन" भी किए। मेरे सफर को और भी खूबसूरत बनाने के लिए टाइम्स समूह ने मुझे मौका दिया। मैं जुलाई, 2023 में इस संस्थान से जुड़ा और मुझे मेन डेस्क पर खबरों से दो-चार होते रहने की जिम्मेदारी सौंपी गई। राजनीतिक विश्लेषण के साथ विस्तार से खबरों को परोसता हूं और अपने पाठकों को कुछ नया देने का प्रयास करता हूं।

और पढ़ें
End of Article