Bihar Election 2025: बिहार चुनाव के मद्देनजर राज्य में सियासी पारा हाई है। इसी बीच मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्य के लोगों के लिए शनिवार को एक वीडियो संदेश जारी किया। उन्होंने जनता से सीधे संवाद करते हुए बताया कि उन्हें साल 2005 में जो बिहार मिला था, उसकी हालत कैसी थी। वहीं, उन्होंने वीडियो में कहा कि पिछले 20 वर्षों में उनकी सरकार ने राज्य के विकास के लिए क्या-क्या किया।
नीतीश कुमार ने बिहार की जनता से एक बार फिर NDA को मौका देने की अपील की।(फोटो सोर्स: JDU)
वीडियो संदेश के माध्यम से नीतीश कुमार ने बिहार की जनता से एक बार फिर एनडीए की सरकार बनाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि अगर इस बार राज्य में एनडीए की सरकार बनती है तो बिहार आने वाले समय में देश के प्रमुख विकसित राज्यों में शुमार हो जाएगा।
पहले बिहार कहलाने शर्म की बात थी: नीतीश कुमार
बिहार के लोगों ने मुझे साल 2005 से राज्य की सेवा का मौका दिया है। हमें जो बिहार मिला था, वहां बिहार कहलाना एक शर्म की बात थी। राज्य में कानून व्यवस्था की स्थिति बेहद खराब थी। हमारी सरकार ने सबसे पहले उसे ठीक किया। इसके बाद हमारी सरकार ने शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क और रोजगार की स्थिति को बेहतर बनाया।
बिहार की महिला अब किसी पर निर्भर नहीं: नीतीश कुमार
नीतीश कुमार ने महिला वोटर्स पर फोकस करते हुए महिला सुरक्षा और वित्तीय सहायता का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि महिलाओं के लिए पहले की सरकार ने कोई काम नहीं किया। हमारी सरकार ने राज्य की महिलाओं को इतना सशक्त बना दिया है कि वो अब किसी पर निर्भर नहीं हैं। वे अपने परिवार का ख्याल रख सकती हैं। हम आपको बताना चाहते हैं कि हमने समाज के सभी तबकों का विकास किया है। हमने मुस्लिम समाज, पिछड़ा, अति पिछड़ा, दलितों सभी के विकास के लिए काम किया। मैंने अपने लिए कुछ नहीं किया।
बिहार के विकास में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नेतृत्व वाली मोदी सरकार का अहम योगदान रहा। एनडीए की सरकार की वजह से बिहार का विकास हो पाया। मेरा बिहारवासियों से अनुरोध है कि एनडीए सरकार को एक बार फिर मौका दीजिए। अगर एनडीए की सरकारी बनी तो बिहार आने वाले समय में देश के प्रमुख विकसित राज्यों में शुमार हो जाएगा।
बता दें कि राज्य में 6 और 11 नवंबर को विधानसभा चुनाव होना है। 14 नवंबर को रिजल्ट आएंगे।
