इलेक्शन

उत्तर प्रदेश उपचुनाव : 5 उम्मीदवारों ने वापस लिए नाम, अब नौ सीटों पर 90 उम्मीदवार मैदान में; 13 नवंबर को होगा मतदान

यूपी की नौ विधानसभा सीटों पर 13 नवंबर को होने वाले उपचुनाव के लिए बुधवार को पांच उम्मीदवारों ने अपना नामांकन वापस ले लिया निर्वाचन आयोग ने 18 अक्टूबर को आगामी विधानसभा उपचुनाव के लिए अधिसूचना जारी की थी। आयोग के मुताबिक, नामांकन पत्रों की जांच 28 अक्टूबर को हुई। उम्मीदवारी वापस लेने की आखिरी तारीख 30 अक्टूबर थी। मतदान 13 नवंबर को होगा।

Image

उत्तर प्रदेश उपचुनाव में 5 उम्मीदवारों ने वापस लिए नाम

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

UP By Election: उत्तर प्रदेश की नौ विधानसभा सीटों पर 13 नवंबर को होने वाले उपचुनाव के लिए बुधवार को पांच उम्मीदवारों ने अपना नामांकन वापस ले लिया, जिसके बाद अब 90 उम्मीदवार मैदान में हैं। एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई। नामांकन वापसी के अंतिम दिन जिन उम्मीदवारों ने अपना नाम वापस लिया, उनमें कुंदरकी सीट पर दो (जयवीर सिंह और बृजानंद - दोनों निर्दलीय) और मीरापुर (शाह मोहम्मद राणा - निर्दलीय), सीसामऊ (मोहम्मद आफताब शरीफ - राष्ट्रवादी जनतांत्रिक पार्टी) और कटेहरी (कृष्णावती - राष्ट्रीय भागीदारी पार्टी) में एक-एक उम्मीदवार शामिल हैं।

23 नवंबर को होगी मतगणना

निर्वाचन आयोग ने 18 अक्टूबर को आगामी विधानसभा उपचुनाव के लिए अधिसूचना जारी की थी। आयोग के मुताबिक, नामांकन पत्रों की जांच 28 अक्टूबर को हुई। उम्मीदवारी वापस लेने की आखिरी तारीख 30 अक्टूबर है। मतदान 13 नवंबर को होगा, जबकि मतगणना 23 नवंबर को होगी। निर्वाचन आयोग ने 15 अक्टूबर को यूपी की नौ सीटों पर उपचुनाव की घोषणा की थी, जिसमें अदालत में चल रहे मामले के कारण मिल्कीपुर (अयोध्या) को छोड़ दिया गया था। कटेहरी (अंबेडकरनगर), करहल (मैनपुरी), मीरापुर (मुजफ्फरनगर), गाजियाबाद, मझवां (मिर्जापुर), सीसामऊ (कानपुर नगर), खैर (अलीगढ़), फूलपुर (प्रयागराज) और कुंदरकी (मुरादाबाद) सीटों पर उपचुनाव हो रहे हैं। इनमें से आठ सीटें लोकसभा चुनाव में अपने विधायकों के सांसद चुने जाने के बाद खाली हुई थीं, जबकि सीसामऊ सीट पर सपा विधायक इरफान सोलंकी की अयोग्यता के कारण उपचुनाव हो रहा है, जिन्हें एक आपराधिक मामले में दोषी ठहराया गया था।

अब तक दाखिल किए गए नामांकनों की कुल संख्या 149 थी, जिसमें मीरापुर (34), कुंदरकी (19), गाजियाबाद (19, खैर (6), करहल (10), सीसामऊ (11), फूलपुर (19), कटेहरी (14) और मझवां (17) शामिल हैं। जांच के बाद 95 नामांकन वैध पाए गए और नाम वापसी की अंतिम तिथि के बाद उपचुनाव वाली नौ सीटों से 90 उम्मीदवार मैदान में बचे हैं। चुनाव परिणाम 23 नवंबर को घोषित किए जाएंगे। वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में सीसामऊ, कटेहरी, करहल, मिल्कीपुर और कुंदरकी पर सपा का कब्जा था, जबकि भाजपा ने फूलपुर, गाजियाबाद, मझवां और खैर पर जीत हासिल की थी। मीरापुर सीट राष्ट्रीय लोक दल (रालोद) के पास थी।

उत्तर प्रदेश में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने बृहस्पतिवार को उन नौ विधानसभा सीटों में से आठ के लिए अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी, जहां 13 नवंबर को उपचुनाव होंगे, जबकि एक सीट उसके सहयोगी राष्ट्रीय लोक दल (रालोद) के लिए छोड़ी गई है। इससे पहले बृहस्पतिवार को कांग्रेस ने घोषणा की थी कि वह नौ विधानसभा सीटों पर होने वाले उपचुनावों में अपने उम्मीदवार नहीं उतारेगी और सपा उम्मीदवारों या अन्य 'इंडिया' गठबंधन के दलों की जीत सुनिश्चित करने के लिए बिना शर्त काम करेगी। कांग्रेस का यह बयान समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव के उस बयान के एक दिन बाद आया है, जिसमें उन्होंने कहा था कि 'इंडिया' गठबंधन के सभी उम्मीदवार पार्टी के चुनाव चिन्ह 'साइकिल' पर उपचुनाव लड़ेंगे।

Shashank Shekhar Mishra
Shashank Shekhar Mishraauthor

शशांक शेखर मिश्रा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल (www.timesnowhindi.com) में बतौर कॉपी एडिटर काम कर रहे हैं। इन्हें पत्रकारिता में करीब 5 वर्षों का अनुभव है। इन पांच सालों में देश की राजनीति से लेकर देश-दुनिया में बनते-बिगड़ते सत्ता समीकरणों एवं घटनाओं को कवर करने का अनुभव है। राजनीति, रक्षा और आटोमोबाइल्स की खबरों में विशेष रूचि के साथ खोजी पत्रकारिता और स्टिंग ऑपरेशन का भी अनुभव है। टाइम्स नाउ नवभारत में देश-दुनिया की खबरों के साथ रियल टाइम डेस्क पर कार्य करने का अनुभव है। शशांक ने इन 5 वर्षों के पत्रकारिता के कैरियर के दौरान टेलीविजन और डिजिटल मीडिया में कार्य करने का अनुभव हासिल किया है। टाइम्स नाउ नवभारत में बतौर कॉपी एडिटर जुड़ने से पहले जागरण न्यू मीडिया, इनशार्ट्स, जी हिंदुस्तान और न्यूज हेल्पलाइन में सब एडिटर, रिपोर्टर और असिस्टेंट प्रोड्यूसर के तौर पर काम कर चुके हैं। पढ़ाई-लिखाई की बात करें तो लखनऊ विश्वविद्यालय से राजनीति विज्ञान में पोस्ट ग्रेजुएशन किया है। इसके बाद एशियन एकेडमी ऑफ फिल्म एंड टेलीविजन से पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा इन मास कम्युनिकेशन एंड टीवी जर्नलिज्म किया हैं। शशांक को जिम जाना, एडवेंचर एक्टिविटी करना और नई तकनीक को जानना और समझना बेहद पसंद है। इसके अलावा शशांक को ड्राइव करना और अध्यात्म में भी काफी रुचि हैं। शशांक शेखर मिश्रा उत्तर प्रदेश की राजधानी और नवाबों के शहर के रूप में फेमस लखनऊ से ताल्लुक रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article