इलेक्शन

Jharkhand Congress List: कांग्रेस ने जारी की प्रत्याशियों की आखिरी सूची, बोकारो से श्वेता, धनबाद से अजय दुबे को उतारा

Jharkhand Congress List: झारखंड विधानसभा की 81 सीटों के लिए दो चरणों में 13 और 20 नवंबर को मतदान होना है, जबकि मतों की गिनती 23 नवंबर को होनी है। राज्य में चुनावी मुकाबला मुख्य रूप से एनडीए और 'इंडिया' ब्लॉक के बीच है।

Image

झारखंड कांग्रेस की आखिरी लिस्ट जारी

Jharkhand Congress List: कांग्रेस ने झारखंड में विधानसभा चुनाव के लिए प्रत्याशियों की आखिरी सूची सोमवार देर रात जारी कर दी। बोकारो से श्वेता सिंह और धनबाद से अजय दुबे को प्रत्याशी बनाया गया है। इन दोनों सीटों पर दूसरे चरण में 20 नवंबर को मतदान होना है और इसके लिए नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख 29 अक्टूबर है।

श्वेता सिंह को बोकारो से टिकट

श्वेता सिंह वर्ष 2019 में भी बोकारो सीट से कांग्रेस प्रत्याशी थीं, लेकिन वह भाजपा के बिरंची नारायण से करीब 10 हजार मतों से पराजित हो गई थीं। वह बोकारो सीट से कई बार विधायक रहे और झारखंड के कद्दावर नेताओं में शामिल स्व. समरेश सिंह की बहू हैं।

अजय दुबे को धनबाद से टिकट

धनबाद विधानसभा सीट से प्रत्याशी बनाए गए अजय दुबे पार्टी से लंबे समय से जुड़े रहे हैं और संगठन में कई पदों पर रह चुके हैं। वह इसके पहले वर्ष 2014 में धनबाद लोकसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी बनाए गए थे, लेकिन तब उन्हें भाजपा के पी.एन. सिंह ने दो लाख 92 हजार से ज्यादा मतों से पराजित कर दिया था।

सिर्फ एक विधायक का टिकट कटा

'इंडिया' ब्लॉक के तहत कांग्रेस ने झारखंड में अब तक कुल 30 सीटों पर उम्मीदवार घोषित किए हैं। पहली सूची में 21 और दूसरी सूची में सात उम्मीदवारों के नाम थे। तीसरी सूची तब आई है, जब नामांकन के लिए सिर्फ एक दिन का समय शेष रह गया है। पार्टी ने झारखंड में अपने मौजूदा विधायकों में से केवल एक बरही सीट से उमाशंकर अकेला का टिकट काटा है। टिकट कटने के बाद वह समाजवादी पार्टी की ओर से मैदान में उतर आए हैं।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article