इलेक्शन

मतदान धीमा हो इसलिए काटी जा रही बूथ की बिजली- RJD का बड़ा दावा, चुनाव आयोग ने नकारा

बिहार विधानसभा चुनाव के पहले फेज के मतदान के बीच राजद ने दावा किया है कि महागठबंधन के मजबूत बूथों पर धीमा मतदान करने के उद्देश्य से बीच-बीच में बिजली काट दी जा रही है।

Image

बिहार में वोटिंग के लिए लगी कतार (फोटो- चुनाव आयोग)

बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण के लिए गुरुवार को वोटिंग हो रही है। बिहार के ज्यादातर बूथों पर शांतिपूर्ण मतदान चल रहा है, इसी बीच राज्य की मुख्य विपक्षी पार्टी राजद ने बड़ा दावा करते हुए कहा कि जिन बूथों पर महागबंधन मजबूत है, वहां की बिजली जानबुझकर काटी जा रही है, ताकि मतदान धीमा हो सके।

राजद का दावा

राजद ने अपने एक्स अकाउंट पर पोस्ट कर कहा- "प्रथम चरण की वोटिंग के मध्य में महागठबंधन के मजबूत बूथों पर धीमा मतदान करने के उद्देश्य से बीच-बीच में बिजली काट दी जा रही है। जानबूझ कर स्लो वोटिंग कराई जा रही है। कृपया चुनाव आयोग ऐसी धांधली बुरी नीयत" और"दुर्भावनापूर्ण इरादों" का अविलंब @ECISVEEP @CEOBihar संज्ञान लेकर त्वरित कारवाई करें।"

चुनाव आयोग ने नकारा

हालांकि चुनाव आयोग ने राजद के इस दावे को खारिज कर दिया है। @CEOBihar ने एक्स पर पोस्ट कर कहा- "यह आरोप पूरी तरह निराधार और भ्रामक है। बिहार में सभी मतदान केन्द्रों पर सुचारू रूप से मतदान चल रहा है। भारत निर्वाचन आयोग मतदान प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी और निर्बाध बनाने के लिए सभी मानक प्रोटोकॉल का पालन कर रहा है। ऐसे भ्रामक प्रचार का कोई आधार नहीं है।"

बिहार में 9 बजे तक 13 प्रतिशत मतदान

बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण में बृहस्पतिवार सुबह नौ बजे तक कुल 13.13 प्रतिशत मतदान हुआ। सबसे अधिक मतदान सहरसा जिले में 15.27 प्रतिशत जबकि सबसे कम पटना में 11.22 प्रतिशत रहा। मधेपुरा में 13.74, दरभंगा में 12.48, मुजफ्फरपुर में 14.38, गोपालगंज में 13.97, सीवान में 13.35, सारण में 13.30, वैशाली में 14.30, समस्तीपुर में 12.86, बेगूसराय में 14.60, खगड़िया में 14.15, मुंगेर में 13.37, लखीसराय में 13.39, शेखपुरा में 12.97, नालंदा में 12.45, भोजपुर में 13.11 और बक्सर में 13.28 प्रतिशत मतदान हुआ। कुल मिलाकर 19 जिलों में औसत मतदान सुबह नौ बजे तक 13.13 प्रतिशत दर्ज किया गया है।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article